कांवड़िये की मौत पर बवाल: आक्रोशित लोगों ने लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर लगाया जाम, तीन घंटे फंसे रहे वाहन
ओयल निवासी कांवड़ियों का जत्था कन्नौज से गंगाजल लेकर वापस आ रहा था। सीतापुर सीमा में हरगांव रेलवे क्रासिंग के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के आगे रोडवेज बस ने एक कांवड़िये को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
विस्तार
कन्नौज से गंगाजल लेकर लखीमपुर खीरी के प्राचीन ओयल मंदिर आ रहे खागी-ओयल निवासी कांवड़िये अनूप को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह लखीमपुर-सीतापुर बॉर्डर पर बेनी राजादशरथपुर गांव के पास हुआ। इससे आक्रोशित कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
सीतापुर और लखीमपुर की ओर से आ रहे वाहनों को रोक दिया गया। सूचना पर ओयल चौकी पुलिस, सीओ सदर, एसडीएम सदर समेत सीतापुर के सदर एसडीएम, हरगांव और कई अन्य थानों की पुलिस पहुंची। नाराज कांवड़ियों को मनाने का प्रयास शुरू हुआ। सदर विधायक योगेश वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें- बरेली में हादसा: झोपड़ी पर गिरी पड़ोसी के मकान की दीवार, मासूम बेटा-बेटी की मौत, दंपती समेत तीन घायल
निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा
जाम की वजह से सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मृतक कांवड़िये के साथियों ने बताया कि वे लोग कन्नौज से गंगाजल लेकर ओयल मंदिर आ रहे थे। रात में हरगांव में रुके। सुबह के समय हरगांव रेलवे क्रासिंग के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के आगे पहुंचने पर रोडवेज बस ने अनूप को टक्कर मार दी।कांवड़ियों ने पुलिस पर व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। अधिकारियों की मान-मानौव्वल और सदर विधायक के समझाने पर कांवड़िये मान गए। करीब तीन घंटे तक सीतापुर-लखीमपुर रोड पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया है।
बांकेगंज में कांवड़ियों से भरी ट्रॉली पलटी
बांकेगंज में गोला शिव मंदिर के दर्शन के बाद पलिया लौटते वक्त कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली कुकरा मार्ग किनारे पलट गई। सड़क किनारे पानी भरा हुआ था। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ। हादसे में तीन कांवड़िये मामूली रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक कांवड़िये गोला से पलिया के त्रिकोलिया के पढ़ुआ घर वापस जा रहे थे।