लखीमपुर खीरी: बजबजाती नालियां और पक्की नहर में गंदगी देख भड़के प्रभारी मंत्री, सफाई निरीक्षक का वेतन रोकने के निर्देश
प्रभारी मंत्री गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सैर करने के बाद स्वच्छता अभियान का सच देखने के लिए नगर का भ्रमण करने निकल पड़े। वित्त एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री सुरेश खन्ना के नेतृत्व में मंत्री दानिश अंसारी व दिनेश खटीक का काफिला बेहजम रोड नहर पटरी होते शिव कॉलोनी की ओर निकल पड़ा।
विस्तार
प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने दो अन्य मंत्रियों के साथ गुरुवार को शहर की साफ सफाई, महिला अस्पताल, पीएचसी कालाआम सहित महेवागंज जाकर गोशाला का निरीक्षण किया। शहर की साफ-सफाई मानकों की कसौटी पर खरी न मिलने पर प्रभारी मंत्री ने पालिका ईओ को फटकारते हुए सफाई निरीक्षक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। पेयजल पाइपलाइन पड़ने के बाद भी खुदी पड़ी सड़कों से नगर वासियों को हो रही दिक्कतों को लेकर जल निगम के एक्सईन को जल्द से जल्द से निर्माण कराने अन्यथा एफआईआर कराने की धमकी दी।
प्रभारी मंत्री गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सैर करने के बाद स्वच्छता अभियान का सच देखने के लिए नगर का भ्रमण करने निकल पड़े। वित्त एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री सुरेश खन्ना के नेतृत्व में मंत्री दानिश अंसारी व दिनेश खटीक का काफिला बेहजम रोड नहर पटरी होते शिव कॉलोनी की ओर निकल पड़ा।
नहर पटरी के बीच गंदगी देखकर उन्होंने गाडी रोक दी और पैदल ही पटरी के आसपास की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने लगे। गंदगी से पटी पक्की नहर, बजबजातीं नालियां और प्लाटों में जलभराव देखकर सुरेश खन्ना का पारा चढ़ गई। ईओ को तलब कर फटकार लगाते हुए सफाई इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्लाट मालिकों के नोटिस जारी करने को कहा।
इसके बाद मंत्री का काफिला पीएचसी कालाआम पहुंचा, जहां व्यवस्थाएं चाक चौबंद देखकर प्रसन्न नजर आए। मगर, महिला अस्पताल में परदों के पीछे गंदगी देखकर नाराजगी जताई। प्रसूता रेहाना, नेहा एवं शिशि से अस्पताल में दवाएं और खाना आदि मिलने के बाबत सवाल जवाब किए। इस दौरान सीएमओ को व्यवस्थाएं दुरूस्त कराने के निर्देश दिए।
महिला अस्पताल के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग बैठकर शासन की योजनाओं को जमीन पर उतारने के निर्देश देकर तीनों मंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सदर विधायक योगेश वर्मा, धौरहरा विधायक विनोद शंहर अवस्थी, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी संजीव सुमन सहित एडीएम, एएसपी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।