लखीमपुर खीरी थप्पड़ कांड: आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, व्यापारियों ने खोला मोर्चा, दी ये चेतावनी
लखीमपुर खीरी में भाजपा विधायक योगेश वर्मा और व्यापारी राजू अग्रवाल से हुई मारपीट के मामले में व्यापारियों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। व्यापार मंडल संगठनों के लोग गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम को ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की प्रबंध समिति के चुनाव के लिए बुधवार को शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के दौरान सदर विधायक योगेश वर्मा और व्यापारी राजू अग्रवाल के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ रहा है। इस मामले में व्यापारियों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। विभिन्न व्यापार मंडल संगठनों के लोग गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम को ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारियों ने कहा है कि यदि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो संपूर्ण बाजार बंद करके बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उधर, गुरुवार सुबह से ही सदर विधायक के घर भी बड़ी संख्या में उनके समर्थक और सजातीय समाज के संगठन के लोग भी एकत्र हुए। इन लोगों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए शासन प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह हुई थी घटना
लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की प्रबंध समिति चुनाव के लिए नामांकन के दौरान बुधवार को पर्चा छीनने और फाड़ने के आरोप प्रत्यारोप के बीच सदर विधायक योगेश वर्मा और बैंक की निवर्तमान अध्यक्ष पुष्पा सिंह के पति जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश सिंह आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान अवधेश सिंह ने पुलिस के सामने ही सदर विधायक को थप्पड़ मार दिया था।
थप्पड़ कांड को लेकर बुधवार शाम तक बैंक के बाहर हंगामा होता रहा, जिसके बाद प्रशासन ने चुनाव स्थगित कर दिया था। इस मामले में अभी तक कोई कानूनी कार्रवाई किसी भी पक्ष की तरफ से नहीं हुई है। विधायक के साथ मारपीट से कुछ देर पहले व्यापारी राजू अग्रवाल के साथ भी बैंक के प्रधान कार्यालय के पास मारपीट की गई थी। इस घटना को लेकर व्यापार मंडल के लोगों में आक्रोश है।
गुरुवार को जिले के विभिन्न व्यापारी संगठनों के बड़ी संख्या में सदस्य और पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और मामले में कार्रवाई को लेकर ज्ञापन एडीएम संजय सिंह को सौंपा। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो बाजार बंद करके आर पार की लड़ाई शुरू की जाएगी।
उधर सदर विधायक योगेश वर्मा के राजगढ़ स्थित आवास पर गुरुवार सुबह कुर्मी क्षत्रिय सभा, पटेल सेवा संस्थान के बड़ी संख्या में सदस्यों के साथ ही अन्य समर्थक और ओबीसी मोर्चा के लोग पहुंचे। इन लोगों ने घटना को लेकर आक्रोश जताया। साथ ही आरोपियों पर कार्रवाई न होने की सूरत में आंदोलन की चेतावनी भी दी है।