लखीमपुर खीरी। कोरोना काल में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को जिले के कृषि विज्ञान केंद्र का शिलान्यास किया। इसके लिए कलक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल बैठक हुई। उन्होंने कहा कि यह केंद्र किसानों के लिए वरदान साबित होगा।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित वर्चुल बैठक में सांसद अजय मिश्र टेनी ने केंद्र एवं प्रदेश के कृषि मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि जिले की 80 प्रतिशत भूमि पर गन्ने की खेती होती है। इस केंद्र के खुलने से किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक प्रगति के लिए प्रधानमंत्री मोदी निरंतर प्रयत्नशील है। इसके तहत किसान सम्मान निधि, ऋण माफी योजना शुरू की। किसानों की बेहतरी के लिए एक लाख करोड़ रुपये के कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना की है। सांसद ने कहा कि मोदी सरकार का प्रयास है कि किसानों की आमदनी बढ़े, उपज का पूर्ण भुगतान मिले। वर्चुअल बैठक में जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, सदर विधायक योगेश वर्मा, श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, सीडीओ अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।