Lakhimpur Kheri: विवाहिता को विदा कराने आए मायकेवालों पर धारदार हथियार से हमला, गाड़ी में तोड़फोड़
विवाहिता के साथ देवर ने मारपीट की थी। इसकी सूचना पर मायके से परिवार के लोग विवाहिता को लेने पहुंचे तो ससुरालवालों ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में दो लोग घायल हो गए।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में नीमगांव की सिकंदराबाद चौकी क्षेत्र के गांव बेलाबोझी में विवाहिता को विदा कराने आए मायका पक्ष के लोगों पर ससुराल पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला बोल दिया। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलाए। मारपीट में मायका पक्ष के दो लोग घायल हो गए। ससुरालियों ने सामान व गाड़ी भी तोड़ दी। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली के रामापुर निवासी कंधई ने बताया कि उनकी भतीजी आरती की शादी नीमगांव के बेलाबोझी निवासी नरेंद्र के साथ हुई है। सोमवार को देवर श्रीकृष्ण ने भतीजी आरती से मारपीट की। भतीजी की पिटाई किए जाने की सूचना पाकर वह, लालता और कुछ अन्य लोग सोमवार की रात बेलाबोझी गांव पहुंचे। बातचीत हो रही थी कि इसी समय ससुरालियों ने विवाद शुरू कर दिया। गाली-गलौज के बाद मारपीट होने लगी।
ये भी पढ़ें- UP News: सुहागरात पर पति ने बनाई दूरी, देवर ने किया दुष्कर्म, नवविवाहिता ने थाने पहुंच बयां की आपबीती
कंधई का आरोप है कि भतीजी के ससुरालियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गाड़ी भी तोड़ दी। मारपीट में लड़की पक्ष के लालता प्रसाद और ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर एसओ नीमगांव अजीत कुमार व चौकी पुलिस गांव पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने कंधई की तहरीर पर भतीजी के देवर श्रीकृष्ण समेत रामचंद्र, संजय, प्रदीप, रामदत्त, रामवती व नगरा निवासी संतोषी और दीपू पर मारपीट और तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया है।
दिन में भी हुआ था विवाद
बेलाबोझी गांव में श्रीकृष्ण ने सोमवार की दोपहर भी घर में विवाद किया था। सूचना पर डायल 112 टीम भी जांच करने पहुंची। पुलिस ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा यह हुआ कि देर रात ससुरालियों ने विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया।