पसगवां। आदिगंगा गोमती नदी को निर्मल और उसकी धारा को अविरल बनाने के लिए मनरेगा योजना के तहत कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण के तहत 32.8 किमी लंबी गोमती नदी को स्वच्छ किया जा रहा है। एपीओ (मनरेगा) मृदुल गुप्ता ने बताया कि चपरतला में छह किमी,जमुनिया शहवाज में पांच किमी, मकसूदपुर में दो किमी,सेमराघाट में 3.8 किमी, अलियापुर में 2.5 किमी,अब्बासपुर में दो किमी, फरिया पिपरिया में 4.5 किमी, पकरिया में तीन किमी और नयागांव में गोमती की चार किलोमीटर की दूरी को स्वच्छता अभियान में शामिल किया जाएगा। गोमती नदी की सफाई के लिए विभागीय कार्यवाही पूरी कर ली गई है । तकनीकी सहायक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नयागांव,फरियापिपरिया,जमनिया शहवाज ,पकरिया आदि ग्राम पंचायतों में स्वच्छ गोमती अभियान चल रहा है। स्वच्छता अभियान में जलकुंभी और शैवाल हटाने, मिट्टी की ठोकरें और बेशर्म बेल को हटवाने का कार्य किया जा रहा है। संवाद