UP News: चीनी नागरिक के मोबाइल और कैमरे में छिपा है राज ? होगी फॉरेंसिक जांच, जांच एजेंसियों को मिले अहम सुराग
बिना वीजा नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुए चीनी नागरिक वांग जुआंजू के मोबाइल समेत अन्य डिवाइस की फॉरेंसिक जांच की जाएगी। जांच एजेंसियां अब उसे लखनऊ स्थित एफएसएल ले जाने की तैयारी कर रही हैं।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में गौरीफंटा बॉर्डर पर पकड़े गए चीनी नागरिक वांग जुआंजू के मोबाइल समेत अन्य डिवाइस की फॉरेंसिक जांच की जाएगी। वांग जुआंजू बिना वीजा के नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। दिल्ली गया, वहां से लौटते वक्त एसएसबी के जवानों ने उसे पकड़ लिया था। जांच एजेंसियां अब उसे लखनऊ स्थित एफएसएल ले जाने की तैयारी कर रही हैं। पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां जासूसी के एंगल पर जांच कर रही है।
सीजेएम अदालत से शुक्रवार को तीसरी बार चार दिन की रिमांड और मिलने के बाद चीनी नागरिक वांग को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इससे पहले जासूसी के एंगल पर जांच कर रही सुरक्षा एजेंसियां उसे दो दिन पहले दिल्ली लेकर गई थी और उन स्थानों से जानकारी हासिल की, जहां-जहां वांग गया था।
जांच में सहयोग नहीं कर रहा वांग
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में पुलिस व जांच एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, लेकिन वांग जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां उसे लखनऊ स्थित फोरेंसिक लैब एफएसएल ले जाने की तैयारी में हैं। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी इस पर निर्णय नहीं हुआ है।
26 साल के चीनी नागरिक वांग को 17 फरवरी को नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से मोबाइल और कैमरा बरामद हुआ था। सूत्रों के मुताबिक एजेंसियां उसके मोबाइल व कैमरा का पासवार्ड खुलवाने की तैयारी कर रही हैं। इसके अलावा वांग के पास से मिले कई फोटोग्राफ व उसके मोबाइल में डाउनलोड अन्य एप्स की भी फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी है।
