लखीमपुर खीरी में बुखार का कहर: महिला समेत दो लोगों की मौत, मलेरिया के आठ मरीज मिले, दो को डेंगू
जिले में तेज बुखार बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए मुसीबत बन गया है। बुधवार को ओपीडी में पहुंचे बुखार मरीजों की लक्षण के आधार पर जांच कराई गई, तो दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। उधर, पीएचसी परेली क्षेत्र में बुखार से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले में बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा। बुधवार को पीएचसी परेली क्षेत्र में माया देवी (55) और शोभित (26) की बुखार से मौत हो गई। उधर, जिला अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती चार बच्चों समेत आठ लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। वहीं, ओपीडी में पहुंचे दो बुखार के मरीज किट जांच में डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
जिले में तेज बुखार बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए मुसीबत बन गया है। बुधवार को ओपीडी में पहुंचे बुखार मरीजों की लक्षण के आधार पर जांच कराई गई, तो दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती चार वर्षीय प्रिया पुत्री बलवंत निवासी मरखापुर, दो वर्षीय अभिनव पुत्र पवन कुमार निवासी सुहेला मैगलगंज, सात वर्षीय मीनू पुत्र चन्नूलाल निवासी लहरपुर एवं आठ वर्षीय विवेक पुत्र सरवन कुमार निवासी मितौली जांच में मलेरिया पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से दो बच्चों का आईसीयू और और बच्चों का चिल्ड्रन वार्ड में इलाज चल रहा है। इनके अलावा चार और लोग मलेरिया से संक्रमित मिले हैं।
पीएचसी परेली में नहीं जांच की सुविधा
कुंभी ब्लॉक की ग्राम पंचायत जंगल नंबर-13 में बुखार का प्रकोप है। प्रधान अमर सिंह ने बताया कि गांव रामदीनपुर निवासी 55 वर्षीय माया देवी पत्नी कृपाशंकर को ठंड लगकर तेज बुखार आया था। इस पर सीएचसी गोला में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
इसी पंचायत के महेशपुर गांव निवासी हरद्वारी लाल के 26 वर्षीय पुत्र शोभित को तेज बुखार आने पर परेली पीएचसी पर ले जाया गया। जहां हालत में सुधार न होने पर ओयल के ट्रॉमा सेंटर और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परेली पीएचसी प्रभारी डॉ. वाईडी वर्मा ने बताया कि पीएचसी पर जांच की सुविधा नहीं है। लक्षणों के मुताबिक, दोनों मरीजों को मलेरिया, डेंगू या फिर टायफाइड हो सकता है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आईके राम चंदानी ने बताया कि बुधवार को ओपीडी में आए मरीजों की जांच में दो बुखार पीड़ित डेंगू पॉजिटिव और चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती चार बच्चों सहित आठ लोगों में मलेरिया बुखार की पुष्टि हुई है।