{"_id":"56fa8a7a4f1c1b9d38f00280","slug":"examination-council-distributed-in-schools-today","type":"story","status":"publish","title_hn":"परिषदीय विद्यालयों में आज बंटेगा परीक्षाफल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
परिषदीय विद्यालयों में आज बंटेगा परीक्षाफल
ब्यूरो गोला गोकर्णनाथ।
Updated Tue, 29 Mar 2016 10:59 PM IST
विज्ञापन
परीक्षाफल
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
अंकपत्र तैयार करने में शिक्षकों ने पूरी ताकत झोंकी
परिषदीय स्कूलों में नया शिक्षण सत्र प्रवेश उत्सव के साथ शुरू करने की जोर शोर से तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने नकल विहीन परीक्षा, सतत मूल्यांकन और 30 मार्च से पूर्व अंकपत्र तैयार कर परीक्षाफल वितरण समारोहपूर्वक कराने के लिए बड़े तामझाम किए, लेकिन सारे दावे धराशाई होते नजर आए। 30 मार्च को परीक्षाफल बांटने के लिए अधिकारियों के आदेश के पालन को लेकर शिक्षक बेचैन दिखे। शिक्षकों को 29 मार्च को दोपहर तक बमुश्किल कक्षा छह, सात और आठ के अंकपत्र उपलब्ध कराए गए लेकिन कक्षा पांच के अंकपत्र मिलेंगे या नहीं इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही।
परिषदीय स्कूलों में नवीन शिक्षा नीति के तहत एक अप्रैल से नया शिक्षण सत्र शुरू कराने और गुणवत्ता परक शिक्षण व्यवस्था के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने बिना बेसिक समस्याओं का निराकरण कराए जमकर दावे किए। किस तरह परीक्षा कराई गई उसके बाद अब आनन फानन में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और दो दिन के अंदर अंकपत्र तैयार कर 30 मार्च को समारोहपूर्वक परीक्षाफल बांटने में शिक्षकों के पसीने छूट रहे हैं। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को परीक्षा में प्रश्नपत्र लेने के बाद मूल्यांकन और अंकपत्र लेने के लिए कई किमी सफर तय कर एनपीआरसी और बीआरसी के चक्कर लगाने पड़े हैं।
विज्ञापन
ब्लाक समन्वयक यशपाल ने बताया कि प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में अंकपत्र और अंक तालिकाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। जबकि दोपहर 1.30 बजे एनपीआरसी भुसौरिया पर न्याय पंचायत समन्वयक के अनुपस्थित मिलने पर शिक्षिकाओं ने बताया कि वे उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अंकपत्र बांटने गए हैं।
विज्ञापन
29 मार्च को दोपहर बाद मिले अंकपत्र
नगर और क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में 30 मार्च को परीक्षाफल वितरण समारोह मनाने के लिए अधिकारियों ने हवा हवाई दावे तो कर दिए। 29 मार्च को दोपहर बाद उच्च प्राथमिक विद्यालयों को मार्कशीट वितरित की गई। ऐसे में शिक्षकों को त्रुटि रहित अंकपत्र बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी है।
त्रुटिपूर्ण है कक्षा आठ का अंकपत्र
उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने बताया कि वार्षिक परीक्षा में सामाजिक विषय की एक ही प्रश्रपत्र से परीक्षा ली गई थी। विभाग से मिले अंकपत्र में भूगोल, इतिहास और नागरिक शास्त्र के अलग-अलग विषय दर्शाए गए हैं। जिससे अंकपत्र में त्रुटि होना कोई बड़ी बात नहीं है।
बाजार से खरीदने पड़े अंकपत्र और अंक तालिकाएं
नगर और कुंभी ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा पांच की अंक तालिकाओं और अंकपत्र विभाग से न मिलने पर प्रधानाध्यापकों को बाजार से अंकपत्र और अंक तालिका खरीदनी पड़ी हैं। प्रधानाध्यापकों ने बताया कि 29 मार्च दोपहर तक जब अंकपत्र और अंक तालिका नहीं मिली तो आनन फानन में बाजार से खरीद कर परीक्षाफल तैयार करेंगे। वहीं लाल्हापुर के प्राथमिक विद्यालय में दोपहर को ताला लगा रहा।
बीआरसी पर हुआ सतत मूल्यांकन प्रशिक्षण
कुंभी के ब्लाक संसाधन केंद्र पर नवीन शिक्षण सत्र को लेकर सतत मूल्यांकन प्रशिक्षण कराया गया। जिसमें प्रशिक्षक ओमप्रकाश वर्मा, गिरीशचंद्र तिवारी, छत्रपाल सिंह, नसीर अहमद ने शिक्षकों को गुणवत्तापरक शिक्षा देने और विद्यार्थियों को सतत मूल्यांकन करने के गुर सिखाए। प्रशिक्षण में ब्लाक के प्रत्येक परिषदीय विद्यालय से एक एक शिक्षक शामिल हुआ है।
परीक्षाफल वितरण प्रवेश उत्सव की तैयारियां पूरी
मैलानी में परिषदीय विद्यालयों में परीक्षाफल वितरण और प्रवेश उत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। स्कूलों की साफ-सफाई के साथ ही उन्हें सजाया गया है। एनपीआरसी राम कृपाल मिश्रा ने सभी स्कूलों में जाकर तैयारियों का जायजा लिया।
मैलानी न्याय पंचायत में 21 प्राथमिक तथा 10 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। जबकि मैलानी नगर में दो उच्च प्राथमिक तथा चार प्राथमिक विद्यालय हैं। एनपीआरसी राम कृपाल मिश्रा ने बताया कि न्याय पंचायत के सभी स्कूलों में बुधवार को होने वाले परीक्षाफल वितरण तथा प्रवेश उत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सभी स्कूलों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। उन्होंने बताया कि उत्सव में मेधावी विद्यार्थियों, अच्छा काम करने वाले रसोइयों, अध्यापकों को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह नौ से तीन बजे तक होगा।
मोहम्मदी। नगर के पीडी भारतीय इंटर कॉलेज में कक्षा 6 से 9 एवं 11 के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल 30 मार्च को घोषित किया जाएगा। यह जानकारी कालेज के प्रधानाचार्य एस एन वर्मा ने दी है।