लखीमपुर खीरी। शासन के स्कूल खोलने की तारीख निर्धारित करने के बाद डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में सभी बोर्ड के स्कूल प्रबंधन के साथ सोमवार को बैठक की। उन्होंने कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं ही संचालित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर जारी गाइडलाइन का स्कूल प्रबंधन को पालन करने के निर्देश दिए। कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि लापरवाही मिलती है तो उसका जिम्मेदार स्कूल प्रबंधन होगा।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि 19 अक्तूबर से कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं दो पालियों में शुरू होंगी। पहली पाली में कक्षा नौ एवं दस के छात्र बुलाए जाएंगे और दूसरी पाली में 11 एवं 12 के छात्र। स्कूल प्रबंधन को विद्यालय खुलने से पहले अच्छी तरह से सैनिटाइज कराने के निर्देश देते हुए कहा कि स्कूल खुलने के बाद दोनों पालियों में छात्रों के आने से पहले गेट, क्लासरूम एवं परिसर को सैनिटाइज कराना होगा। साथ ही सेनिटाइजर, हैंडवॉश, थर्मल स्कैनर सहित प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कोरोना संक्रमण को लेकर उन्होंने कहा कि यदि छात्र, शिक्षक व कर्मचारी खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित मालूम हो तो उसे उचित इलाज देकर घर भेज दें। स्कूल आते और जाते समय गेट पर सामाजिक दूरी का पालन होना चाहिए। डीएम ने छात्रों को कक्षा में छह फुट की दूरी पर बैठाने, ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने, जिन छात्रों के पास ऑनलाइन पढ़ने की सुविधा नहीं है। उनको प्राथमिकता देकर स्कूल बुलाने, किसी छात्र को स्कूल आने के लिए बाध्य न करने की हिदायत दी। डीआईओएस हयात अली अंसारी ने बताया कि कक्षावार 50 प्रतिशत छात्रों को एक दिन और 50 प्रतिशत को अगले दिन ही बुलाएं। उन्होंने कहा कि छात्रों को अभिभावकों की लिखित सहमति पर स्कूल बुलाएं। बैठक में उमाकांत मिश्रा, जसमीत अजमानी, ईशविंदर सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद