Dudhwa: क्रिसमस पर सैलानियों से गुलजार रहा दुधवा नेशनल पार्क, नए साल के लिए सभी हटें बुक
क्रिसमस डे पर बड़ी संख्या में सैलानी दुधवा पहुंचे। सैलानियों ने जंगल की सैर की, लेकिन बाघ का दीदार नहीं हुआ। हालांकि वन्यजीवों को नजदीक से देखा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्रिसमस पर दुधवा नेशनल पार्क सैलानियों से गुलजार रहा। इसके साथ ही नए साल का जश्न मनाने के लिए दुधवा नेशनल पार्क में सैलानियों की आमद बुधवार से शुरू हो गई। क्रिसमस पर देर शाम तक दुधवा आने वाले सैलानियों की भीड़ लगी रही। सैलानियों ने सुबह की पाली में जंगल का भ्रमण करने के बाद शाम की पाली में किशनपुर रेंज में जाकर जंगल के प्राकृतिक वातावरण का आनंद उठाया।
हर साल दुधवा नेशनल पार्क में क्रिसमस डे व नए साल का जश्न मनाने के लिए दूरदराज से सैलानियों की भीड़ लगती है। बुधवार को क्रिसमस पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। सैलानियों ने जंगल का भ्रमण किया। हालांकि पहली पाली में सैलानियों को बाघ तो नहीं दिखा लेकिन हिरन, सियार व अन्य वन्यजीवों को देखकर सैलानियों ने खुशी का इजहार किया। सैलानियों ने हालांकि किशनपुर में बाघ दिखने की उम्मीद भी जताई।
Pilibhit Encounter: आतंकियों का CCTV फुटेज आया सामने, इस होटल में ठहरे थे तीनों, साथ में दिखा चौथा शख्स
पार्क प्रशासन के मुताबिक सैलानियों की लगातार आमद दुधवा में हो रही है। सैलानियों की निगाहें पहले तो बाघ को ही ढूंढ़ती हैं, लेकिन बाघ न दिखने के बाद भी अन्य वन्यजीवों के उनको दीदार हो रहे हैं। बुधवार को सुबह की पाली में जंगल भ्रमण करने गए लखनऊ के देवेश शुक्ला, संदीप, प्रियंका, अर्चना, विजय कुमार समेत अन्य सैलानियों को बाघ तो नहीं दिखा, लेकिन उन्होंने बाघ के पगचिन्ह करीब से देखे। इसके अलावा चीतल आदि को भी करीब से देखा।
नकउहा नाले के मगरमच्छ कर रहे रोमांचित
दुधवा जाने से पहले नकउहा नाले में धूप सेंकते मगरमच्छ सैलानियों को काफी रोमांचित कर रहे हैं। खुले में कई मगरमच्छ पड़े होने के चलते सैलानियों की गाड़ियां यहां जरूर रुकती हैं और फोटो आदि खींचकर ही दुधवा के लिए जाती हैं। गाड़ियों के रुकने का एक कारण यह भी है कि यहां पर पार्क का सेल्फी प्वाइंट व इंट्री प्वाइंट भी बना हुआ है। इसके सामने सैलानी अपनी तस्वीरें खिंचवाते हैं।
एक जनवरी तक सभी हटें बुक
दुधवा नेशनल पार्क आने वाले सैलानियों के लिए एक जनवरी तक सभी हट पूरी तरह से बुक हो चुकी हैं। डॉरमेट्री में कुछ जगह खाली थी, लेकिन वहां भी अब जगह मिलना काफी मुश्किल हो गया है। इसके बाद भी दुधवा घूमने आने वाले सैलानी निराश न हों, क्योंकि आसपास और पलिया क्षेत्र में होटल, लॉज समेत अन्य जगहों पर उनके रुकने का बंदोबस्त हैं।
जंगल घूमने के बाद क्या बोले सैलानी
लखनऊ से आए सैलानी देवेश शुक्ला ने बताया कि यहां आकर बहुत अच्छा लगा और यहां रात में पर्यटन परिसर में हिरन आसपास देखने को मिले और चारों तरफ घूमने पर सियार भी दिखे। क्रिसमस मनाने आए हैं और यहां का जंगल घूमा है। बाकी बाघ नहीं दिखा, इसका जरूर मलाल है।
सैलानी अनुशा ने बताया कि हम लोग दुधवा घूमने आए हैं और यहां काफी अच्छा लगा। रात में गेस्ट हाउस के आसपास काफी वन्यजीव दिखे। बाघ नहीं दिखा, लेकिन उसके पगचिन्ह दिखे। सफारी देरी से होने के चलते पहले घूमने वालों को बाघ दिखा। दुधवा काफी अच्छा रहा और आगे भी चाहते हैं कि दोबारा से दुधवा घूमने आएं।
सैलानी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि दुधवा घूमने आए हैं और यह काफी अच्छी जगह लगी। बाघ दिखना मिस हुआ, लेकिन सबसे अच्छी चीज यह है कि यहां का वातावरण काफी अच्छा है और साफ हवा शहरों की तुलना में यहां ज्यादा अच्छी लगी। जिससे वातावरण के लिहाज से दुधवा बेस्ट दिखा।
लखनऊ की अनुमेहा शुक्ला ने बताया कि वह कल यहां आईं थीं और गेस्ट हाउस में रुकी हैं। बहुत सुंदर और बहुत अच्छा लगा दुधवा में आकर। यहां आएं और गेस्ट हाउस में रुककर जंगल के बीच में रुकने का माहौल ही काफी अच्छा लगा। सियार और हिरन रात में पर्यटन परिसर में ही देखने को मिले जो काफी अच्छा अनुभव रहा। सफारी के दौरान बाघ तो नहीं दिखा, लेकिन हिरन व अन्य वन्यजीव देखकर अच्छा लगा।
दुधवा के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रंगाराजू टी. ने बताया कि दुधवा में क्रिसमस डे से सैलानियों की आमद शुरू हो गई है। नियमों के अनुसार ही सैलानियों को जंगल सफारी कराई जा रही है और नियम तोड़ने के लिए सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। बाकी सैलानियों की आमद लगातार दुधवा में हो रही है और एक जनवरी तक सभी हट भी बुक हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.