Pilibhit Encounter: आतंकियों का CCTV फुटेज आया सामने, इस होटल में ठहरे थे तीनों, साथ में दिखा चौथा शख्स
Pilibhit Encounter News: पुलिस मुठभेड़ में मारे गए खालिस्तान समर्थक तीनों आतंकी पूरनपुर के हर जी होटल में रुके थे। पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। इसके बाद होटल के बाहर फोर्स बढ़ा दी गई। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर में खालिस्तान समर्थक आतंकियों के तार तलाशने में जुटी पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। बुधवार को पुलिस की 10 से अधिक टीमों ने पूरनपुर के होटलों को खंगाला। फोर्स के साथ एसपी अविनाश पांडेय खुद सड़क पर उतरे। आतंकियों की तस्वीर दिखाकर लोगों से जानकारी की। जांच में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में मारे गए तीनों आतंकी होटल हर जी में रुके थे। तीनों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीनों आतंकी होटल में जाते दिख रहे हैं। इनके साथ एक अन्य शख्स भी है। वह कौन है, इसका पता नहीं चला है। इस होटल के बाहर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस की जांच जारी है।
23 दिसंबर की सुबह हुई थी मुठभेड़
पूरनपुर क्षेत्र में 23 दिसंबर की सुबह मुठभेड़ में खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के तीन आतंकी वरिंदर सिंह, गुरविंदर सिंह और जसनप्रीत सिंह मारे गए थे। आतंकियों के पास से दो मॉडीफाइड एके-47, दो ग्लॉक पिस्टल (ऑस्ट्रिया निर्मित), काफी संख्या में कारतूस के अलावा तीन मोबाइल फोन भी मिले थे। तीनों पंजाब में गुरदासपुर जिले के रहने वाले थे। उन पर कलानौर थाने की बख्शीवाल चौकी पर हमला करने का आरोप था। वहां वारदात को अंजाम देकर तीनों आतंकी पूरनपुर आए। पुलिस जांच के मुताबिक तीनों यहां होटल में रुके थे। अब पुलिस तीनों आतंकियों का स्थानीय कनेक्शन पता करने में जुटी है।
तीनों आतंकियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पूरनपुर कोतवाल नरेश कुमार त्यागी की ओर से आतंकी शहूर खुर्द कलानौर गुरदासपुर निवासी प्रताप सिंह उर्फ जसनप्रीत सिंह, आगवान गुरदासपुर निवासी वरिंदर सिंह उर्फ रवि, वादिया मोहल्ला कलानौर गुरदासपुर निवासी गुरविंदर सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवेचना बीसलपुर कोतवाल संजीव शुक्ला को सौंपी गई है। बीसलपुर इंस्पेक्टर ने पूरनपुर कोतवाली पहुंचकर अभिलेख कब्जे में लिए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.