एसपी पूनम ने रविवार की रात अचानक क्यूआरटी (क्विक रियेक्शन टीम) को चेक किया तो क्यूआरटी की हकीकत सामने आ गई। पूरी टीम उन्हें वाहन में सोते हुए मिली। इस पर एसपी ने पुलिसकर्मियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। साथ ही टीम प्रभारी समेत सभी आठ सिपाहियों को लाइनहाजिर कर दिया है। एसपी ने पुलिसलाइन में तैनात एसआई अमरनाथ राय को क्यूआरटी का नया प्रभारी बनाते हुए छह सिपाहियों को तैनात किया है। प्रभारी एसपी/एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि रविवार रात एसपी पूनम ने पहले वायरलेस सेट पर क्यूआरटी (क्विक रियेक्शन टीम) को कॉल किया, लेकिन सेट पर कोई जवाब नहीं मिला। इस पर वह सदर चौराहा स्थित प्वाइंट पर पहुंचीं तो देखा कि क्यूआरटी टीम वाहन में ही सो रही थी। यह देख एसपी का पारा चढ़ गया। एसपी के हमराहियों ने वाहन का गेट खड़खड़ाया तो पुलिसकर्मियों की निगाह सामने खड़ीं एसपी पूनम पर पड़ी। इससे पूरी टीम की हलक सूख गई। एसपी ने टीम प्रभारी विनीत गौतम और सिपाहियों को जमकर फटकार लगाई। एसपी ने टीम प्रभारी विनीत गौतम, हेड कांस्टेबल हरिचंद, सिपाही ओमप्रकाश, धर्मेेंद्र कुमार सिंह, राहुल, दिनेश कुमार, अजय कुमार और लाखन सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया। प्रभारी एसपी ने बताया कि नई क्यूआरटी टीम गठित कर दी गई है। पुलिसलाइन में तैनात दरोगा अमरनाथ राय को टीम का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा पुलिसलाइन में तैनात हेड कांस्टेबल बब्बन सिंह, सोनू कुमार, सिपाही जयवीर सिंह, रामकिशोर, कृष्ण कुमार और नन्हेलाल को क्यूआरटी में नियुक्त किया गया है।