फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   corona

कोरोना संक्रमितों के गांवों में सन्नाटा.. 8708 ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग

Tue, 19 May 2020 12:45 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Tue, 19 May 2020 12:45 AM IST
विज्ञापन
corona
जंगबहादुर गंज में नेशनल हाईवे पर सन्नाटा। संवाद - फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। कोरोना पॉजिटिव मिले प्रवासी मजदूरों के गांवों में प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है । सोमवार को हॉटस्पाट बरखैरिया जाट सहित करीब नौ गांवों में बैरियर लगाकर लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। वहीं 48 घंटों में इन गांवों में रहने वाले 8708 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। इन गांवों के लोगों का कहना है कि दूध और राशन की दिक्कत आ रही है, इसके विपरीत प्रशासन का दावा है कि संबंधित गांवों में राशन, सब्जी व दूध की व्यवस्था कराई गई है। किसी भी ग्रामीण को परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।
विज्ञापन

जिन गांवों में प्रशासन ने शिकंजा कसा है उनमें बरखैरिया जाट, जंगबहादुरगंज, रुद्रपुर गांव, चौरठिया गांव, बैरिया, ढकेरवा नानकार, लोनियमपुरवा, नेवाजपुरवा, सोहनी पुरवा गांव शामिल हैं। यहां बता दें इस समय जिले में 30 कोरोना पॉजिटिव मामले हैं, जिसमें एक डॉक्टर, 27 प्रवासी मजदूर और दो उनके बच्चे हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिले दोनो बच्चों को लखनऊ पीजीआई भेजा जा रहा है। उनके साथ में माता-पिता भी जाएंगे।
विज्ञापन

हॉटस्पॉट एरिया में सब्जी और दूध के लिए ग्रामीण हुए परेशान
जंगबहादुरगंज चार कोरोना पॉजिटव केस मिलने के बाद हॉटस्पॉट बने बरखेरियाजाट की सड़कों पर आवागमन बंद होने के कारण सड़कों पर सन्नाटा रहा। यहां सिर्फ बैंक, मेडिकल स्टोर और देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानें खुलीं। लॉकडाउन होने के कारण दूध, सब्जी की दिक्कत है।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रधान अब्दुल करीम का कहना है वह लगातार आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने का प्रयास कर रहे है। लॉकडाउन के कारण राशन की दुकान पर अनाज वितरण बंद है । हॉटस्पॉट एरिया में बैंकों में काम हो रहा है। एसडीएम स्वाति शुक्ल ने बताया कि हॉटस्पॉट एरिया में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। कोई घरों से नहीं निकलेगा। उनका कहना कि शराब की दुकानें भी बंद कराई जाएंगी। बैंकों को बंद करने के लिए उनके प्रबंधन से कहा जा रहा है।
इधर, हॉटस्पॉट बरखेरियाजाट और जंगबहादुरगंज में स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी वर्कर की संयुक्त टीमों ने 1332 घरों को डोर टू डोर सर्वे किया। पसगवां सीएचसी अधीक्षक डॉ अश्विनी कुमार वर्मा ने बताया कि 7408 लोगों की जांच की गई। सर्वे के दौरान एसीएमओ डॉ एसके चक मौजूद रहे।
श्रीनगर और बाबापुरवा गांवों में लिए गए ग्रामीणों के सैंपल
महेवागंज थाना फूलबेहड़ के श्रीनगर और बाबापुरवा गांव में कोरोना संक्रमित युवक के संपर्क में आए संदिग्ध लोगों को स्वास्थ्य टीम ने ब्लड सैंपल लेना शुरू कर दिया है। सोमवार को चिह्नित दस लोगों को जिला अस्पताल में भेजा गया।
श्रीनगर गांव का युवक रोहतक और बाबापुरवा गांव का युवक महाराष्ट्र से लौटा है। फिलहाल संक्रमित युवक स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में है। दोनों गांवों में पुलिस की नौ टीमें लगाई गई हैं। कोई बाहरी व्यक्ति गांव में प्रवेश नहीं कर पा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि लोगों को जागरूक करते हुए सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जरूरत की चीजें लोगों तक पहुंचे इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। प्रभारी चिकित्साधिकारी अमितेश दत्त द्विवेदी ने बताया कि श्रीनगर के संक्रमित युवक के संपर्क में आए तीन और बाबापुरवा में सात लोगों को सोमवार को सैंपलिंग के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है।
रुद्रपुर में कराई जा रही थर्मल स्क्रीनिंग
ईसानगर जयपुर से लौटे दो व्यक्तियों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद रुद्रपुर गांव में आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। गांव में सन्नाटा पसरा है। प्रशासन गांव को सैनिटाइज कराने के साथ ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग भी करा रहा है। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने गांव में साफ सफाई व अन्य तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि राशन, फल,सब्जी और दवा के लिए भी घरों से निकलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सभी जरूरी सामान गांव में मुहैया कराए जाएंगे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके स्नेही ने बताया कि गांव घर घर जाकर थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है।
कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के गांव में दहशत
सिकंद्राबाद महाराष्ट्र से आए युवक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गांव में दहशत है। युवक कहीं गांव तो नहीं गया, इसकी जानकारी करने में नीमगांव थाना पुलिस लगी है। रविवार रात गांव पहुंची पुलिस ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से बातचीत कर कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के घरवालों को 21 दिन तक घर में रहने के निर्देश दिए।
कस्बा क्षेत्र के सेहरूआ गांव निवासी एक युवक महाराष्ट्र में काम करता था। तीन दिन पहले जब वह जिले में आया तो जांच कराने पर कोरोना पॉजिटिव मिला। इसकी जानकारी लगते ही गांव में दहशत का माहौल है। उधर पुलिस भी इस बात का पता लगाने में जुटी है कि कहीं यह युवक गांव तो नहीं पहुंचा। इसके लिए नीमगांव थाना के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, चौकी इंचार्ज राजेश चौधरी के साथ रविवार रात गांव पहुंचे और ग्रामीणों सहित घरवालों से युवक के बारे में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पूछताछ में युवक के तीन दिन पहले बस से लखीमपुर आने की जानकारी हुई है। जहां उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि होने पर कोरोना अस्पताल बेहजम में शिफ्ट कर दिया गया। प्रधानपति हसीबुल्ला खां का कहना है कि युवक गांव नही आया है इसके बारे में स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी गई है।
पीएचसी सिकंद्राबाद के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राम नरेश का कहना है कि युवक के गांव पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई। एहतियातन मंगलवार को उसके घरवालों की जांच होगी। फिलहाल घर के सदस्यों से गांव में निकलने से मना कर दिया गया है।
एसडीएम मितौली डीके सिंह का कहना है कि कोरोना पॉजिटिव युवक गांव नहीं पहुंचा। फिर भी स्वास्थ्य विभाग टीम को गांव जाकर परिवार वालों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। वहीं बीडीओ को सफाई कराने के लिए भी कहा है।
सील किए गए गांवों में पुलिस ने भिजवाया राशन
निघासन पढुआ पुलिस बैरिया, ढखेरवा नानकार गांवों को सील करने के बाद वहां पर राहत सामग्री भिजवा रही है। जिन घरों के कोरोना संबंधी मरीज पाए गए हैं उन घरों पर पुलिस की पैनी नजर है। परिवार वालों के घरों के बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। पढुआ चौकी इंचार्ज हनुमंत तिवारी ने बताया कि उनके घरों में आटा, दाल, चावल के अलावा अन्य जरूरी सामान घरों तक पहुंचा रही है।
हरियाणा से आए सात मजदूरों को ग्रामीणों ने गांव में नहीं दिया आने
निघासन हरियाणा से अपने घर नई बस्ती पहुंचे सात मजदूरों को गांव वालों ने बिना जांच के अंदर घुसने नहीं दिया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रवासी मजदूरों की जांच कराने के लिए कहा। मौका पाकर तीन मजदूर फरार हो गए। चार मजदूरों की पुलिस ने जांच कराई है। तीन मजदूरों की तलाश कराई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कस्बे की नई बस्ती में चोरी छिपे हरियाणा से सात प्रवासी मजदूर रविवार शाम करीब सात बजे आए थे। वह बिना किसी को सूचना दिए गांव के अंदर प्रवेश कर रहे थे। इस बात की भनक जब ग्रामीणों को लगी तो वह एकत्र हो गए और गांव में बिना जांच कराए जाने से मना किया। इस पर नोकझोंक भी हुई। एक ग्रामीण ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे शिवकुमार नेहरा समेत अन्य सिपाहियों ने सभी का मेडिकल कराने को कहा। इस पर मौका पाकर तीन मजदूर फरार हो गए। चार का पुलिस ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। वह सभी स्वस्थ पाए गए। सभी को होम क्वारंटीन कराया गया है।
नोडल अधिकारी ने देखे क्वारंटीन सेंटर
गोला गोकर्णनाथ कोरोना संक्रमितों की निगरानी के लिए शासन से नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने नगर के क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण कर अधिकारियों, कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर में खुटार रोड स्थित गुरुनानक कन्या डिग्री कॉलेज, सांई मैरिज लॉन, सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज क्वारंटीन सेंटर बनाए गए है। नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने क्वारंटीन सेंटर में कम्युनिटी किचन, ग्राम निगरानी समिति अलीगंज, बांसी, रहीमनगर ग्रंट का निरीक्षण किया। साथ ही नगर की बाजार व्यवस्था का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त करते हुए एसडीएम अखिलेश यादव, तहसीलदार विपिन कुमार द्विवेदी को बाजार निगरानी समिति गठित करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed