गोला गोकर्णनाथ। जिले में यूरिया की कालाबाजारी की शिकायतों को देखते हुए शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कालाबाजारी रोकने के लिए जांच टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को जांच टीम ने रजागंज स्थित सहकारी समिति निपनियां पर छापा मारा, जहां यूरिया खरीद रहे किसानों से पूछताछ की। उप कृषि निदेशक योगेश प्रताप सिंह ने किसानों से पक्की रसीद का आधार से मिलान कर एक बोरी का मूल्य पूछा तो कृषक सरोज ने 277 रुपये बताया। इस पर उपनिदेशक भड़क गए। उन्होंने सचिव को हिदायत देते हुए सरकारी मूल्य 266.50 रुपये ही लेने का आदेश दिया। जांच में स्टाक ठीक मिला। सचिव संजय कुमार, लिपिक केशवराम मिश्रा, चिरौंजी लाल, कृषक चंद्रिकाप्रसाद, उमाशंकर, मधुर वर्मा, रामचंद्र, सुरेश आदि मौजूद रहे।
रोशननगर। सहकारी समिति सचिव मदन लाल भारती ने बताया कि समिति पर 800 बोरी यूरिया उपलब्ध है। उनके क्षेत्र में किसानों को कोई दिक्कत नहीं है। जरूरत पड़ने पर समिति सदस्य और किसान नकद, चेक पर यूरिया ले जाता है।