मंत्री जितिन प्रसाद बोले: गुणवत्ता से समझौता हुआ तो नपेंगे अधिकारी, चार पुल और एक रिंग रोड का दिया आश्वासन
मंत्री ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए मांग पत्र पर उनके द्वारा सुझाए गए विकास कार्यक्रमों पर पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का हर संभव प्रयास करेंगे। इस दौरान उन्होंने जिले में कई सेतु निर्माण एवं सड़कों के निर्माण की बातें भी कहीं।
विस्तार
लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद बृहस्पतिवार को पांच सड़कों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने खीरी पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि विभाग के पास संसाधन सीमित हैं, लेकिन इस जनपद में धन की कमी नहीं आने देंगे। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही नौवापुर में शारदा नदी पर 28 करोड़ की लागत से पुल बनाया जाएगा। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा, ऐसा हुआ तो अधिकारी नपेंगे।
वंदन गार्डन में लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में दीप जलाकर किया। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने तीन सड़क के कार्यों का शिलान्यास और दो कार्यों का लोकार्पण किया। मंत्री जितिन प्रसाद ने विकास कार्यक्रमों में आने वाली बाधाओं को स्वयं लखनऊ से दिल्ली तक दूर कराने की बात कही।
उन्होंने कहा कि विकास के मामले में खीरी को यूपी में टॉप टेन बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे। खीरी की जनता ने ऐतिहासिक जीत के साथ जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह हर हाल पूरा करेंगे। कहा, पात्रों को योजनाओं का लाभ पहुंचाकर घर-घर खुशहाली लाने के लिए काम हो रहा है। छोटी काशी गोला में रिंग रोड के सपने को पूरा करने का प्रयास करेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री/एमएलसी अनूप गुप्ता ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार सड़कों का जाल बिछाकर लोगों को सुगमता प्रदान करने का काम कर रही है। संसाधनों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।
मंत्री ने इन चार पुलों के निर्माण का दिया आश्वासन
मंत्री जितिन प्रसाद ने सदर विधायक के क्षेत्र में नौवापुर में शारदा नदी पर 28 करोड़ की लागत से प्रस्तावित पुल के निर्माण की जल्द ही करने की बात कही है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि चार पुलों को कार्ययोजना में शामिल करने का 90 प्रतिशत काम हो गया है। उन्होंने बताया कि मोहम्मदी क्षेत्र में जमुनिया घाट पर पुल, गोला क्षेत्र में गोमती नदी के काकर घाट पर पुल, धौरहरा क्षेत्र के सुजईकुंडा में अधूरे पड़े पुल और बेवरपुर-लहरपुर मार्ग पर पुल निर्माण के लिए जल्द ही घोषणा करने का आश्वासन जनप्रतिनिधियों को दिया है।
इन कार्यों का हुआ शिलान्यास
- 32.57 करोड़ से 14.730 किमी लंबा पलिया-दुधवा चंदनचौकी मार्ग (प्रमुख जिला मार्ग 06-सी) के किमी 01 से 15 (730) तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा।
- 35.83 करोड़ लागत से 10.80 किमी लंबा बेलरायां-पनवारी मार्ग (राजमार्ग संख्या-21) के किमी 20 से 27 किमी 36 (800) से 38 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा।
- 11.25 करोड़ लागत से 2.90 किमी लंबा लखीमपुर फीडर मार्ग किमी 1.000 से 3 (900) में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण
- 265.44 करोड़ लागत से 63.65 किमी लंबाई का लखीमपुर से दुधवा राष्ट्रीय पार्क तक के मार्ग राज्य मार्ग का 2 लेन (पेड शोल्डर के साथ) चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण।
- 418.49 करोड़ लागत से 57.300 किमी लंबाई का विश्व बैंक के ऋण से पोषित गोला-शाहजहांपुर मार्ग (एसएच-93) के किमी 1.280 से 58.580 किमी तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण।