मझगईं (लखीमपुर खीरी)। कस्बा नौगवां में निघासन रोड काफी जर्जर हालत में पहुंच गई है। वाहनों के टायरों से उछलने वाले पत्थरों से भी लोग घायल हो रहे हैं। इसी में शुक्रवार को वाहनों के टायरों से उछलकर दुकानों में घुसे पत्थर लगने से दो व्यापारी घायल हो गए। जिन्होंने निजी क्लीनिक पर इलाज कराया है। व्यापारियों ने जर्जर रोड को जल्द से जल्द बनवाए जाने की मांग की है।
कस्बा नौगवां निवासी मनमोहन सिंह की निघासन रोड किनारे किराने की दुकान है। मनमोहन सिंह ग्राहकों को सामान दे रहे थे, तभी वाहन के टायर से उछला एक पत्थर उनके चेहरे पर अचानक आ लगा। काफी तेज लगे पत्थर से उनका एक दांत टूट गया व होंठ फट गया। व्यापारी ने बताया कि रोड पर बड़ा से गड्ढा हो गया था, विभाग वालों ने पत्थर व मौरंग डालकर गड्ढे को पाटा था। मगर आज तक उस पर डामर व बजड़ी नहीं डाली गई, जिससे सड़क पर पड़े पत्थर राहगीरों के साथ व्यापारियों के लिए मुसीबत का सबब बन गए हैं। उधर, खाद की दुकान करने वाले राजेश शुक्ला भी पत्थर लगने से घायल हो गए। जिन्होंने प्राइवेट क्लीनिक पर अपना इलाज कराया है। इसके साथ कई लोग पत्थरों से घायल हो चुके हैं। व्यापारियों ने रोड का निर्माण कराने की मांग की है। संवाद