Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   बाघ की दहशत में थर्रा रहे मोहम्मदी और मैलानी के 116 गांव

बाघ की दहशत में थर्रा रहे मोहम्मदी और मैलानी के 116 गांव

Mon, 15 Oct 2018 11:39 PM IST
Updated Mon, 15 Oct 2018 11:39 PM IST
विज्ञापन
बाघ की दहशत में थर्रा रहे मोहम्मदी और मैलानी के 116 गांव
15 एलकेएच 14
विज्ञापन

दहाड़ते बाघ की फोटो भी लग सकती है...............
बाघ की दहशत: बाघ की दहशत में थर्रा रहे मोहम्मदी और मैलानी के 116 गांव
खेतों में जाने को तैयार नहीं हो रहे मजदूर
लाठी, डंडे और कुत्तों का सहारा लेकर फसल बचाने को मजबूर किसान
अमर उजाला ब्यूरो
ममरी (लखीमपुर खीरी)। जंगल किनारे बसे गांवों का इलाका इन दिनों बाघ की दहशत से थर्रा रहा है। अकेले मैलानी और मोहम्मदी रेंज में ही वर्ष 2016 से अब तक 14 लोग बाघ का शिकार होकर जान गवां चुके हैं, जबकि इस साल शायद ही ऐसा कोई दिन हुआ हो जब बाघ किसी न किसी खेत में न दिखा हो। लगभग हर पंद्रवें और महीने में एक बार बाघ लोगों पर भी हमला करता रहा है। बाघ जंगल छोड़ आबादी की ओर भाग रहे हैं। आबादी में चार से छह किलोमीटर तक घुसकर बाघ न सिर्फ पशुओं पर हमला कर रहे हैं, बल्कि इंसानों को भी निवाला बना रहे हैं। बाघ की दहशत का आलम यह है कि जंगल किनारे के खेतों में खड़ी फसल सूख रही है, लेकिन भयभीत किसान न तो उसकी सिंचाई कर पा रहा है और न ही गन्ने की उपज कटवा रहा है।
जिले में 1789 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में जंगल है। इसमें 884 वर्ग किलोमीटर में दुधवा टाइगर रिजर्व का एरिया है। बीते साल 2017 में दक्षिण खीरी वन प्रभाग की मोहम्मदी महेशपुर रेंज में बाघ ने चार लोगों को निवाला बना लिया, जबकि इस साल यहां बाघ एक को निवाला बना चुका है, वहीं करीब चार लोगों पर हमला कर जख्मी भी कर चुका है। इसी प्रभाग की मैलानी रेंज में बाघ हमले में कई लोग घायल हो गए। मोहम्मदी महेशपुर रेंज में 13 अप्रैल 2017 को देवियापुर निवासी 40 वर्षीय शर्मादीन, 28 अगस्त 2017 को गांव पसियापुर के 52 वर्षीय नरायनलाल, 21 अक्तूबर 2017 को अशर्फीगंज के मूड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय लालाराम और 19 नवंबर 2017 को महेशपुर निवासी 45 वर्षीय किसान ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश को बाघ ने निवाला बना लिया था। साल 2017 में मोहम्मदी महेशपुर रेंज में बाघ हमले से हुई मौतों के कारण करीब 52 गांवों की 90 हजार की आबादी दहशत के साए में जीने का मजबूर है। वहीं मैलानी रेंज में साल 2017 में बाघ हमलों से करीब 12 लोग जख्मी हो चुके हैं।
विज्ञापन

---------------------
बाघ की दहशत में इस तरह जिंदगी बिता रहे किसान
महेशपुर रेंज में करीब 64 गांव की एक लाख से अधिक की आबादी बाघ की दहशत में है। मोहम्मदी रेंज के बिहारीपुर फार्म के निवासी किसान अवतार सिंह की 50 एकड़ खेती है। अधिकांश पर गन्ने की उपज तैयार है, लेकिन छिलाई के लिए मजदूर तैयार नहीं हैं। किसी तरह कुछ लोगों को तैयार किया तो फार्म के युवकों संग खुद लाठी लेकर खड़े होते हैं, तब गन्ने की छिलाई होती है। अतिरिक्त सावधानी के लिए कुत्ता भी साथ रखते हैं। वहीं किसान अमरजीत सिंह बताते हैं कि उनकी 10 एकड़ गन्ने की फसल है, लेकिन बाघ के दहशत के कारण काफी दिक्कत उठाकर खेती कर रहे हैँ। इसी तरह गांव तूलमेलगंज के किसान श्रीकृष्ण बताते हैं कि पशुओं को बचाने के लिए रात रात भर जागकर शोर मचाते हैं और टार्च लगाते रहते हैं। इसके बाद भी कई बार बाग के पग चिन्ह देखे जा चुके हैं। रात भर अलर्ट रहने के कारण उनके मवेशी बचे हैं अन्यथा कई जानवर खो चुके होते। ------------------------
विज्ञापन
विज्ञापन

जंगल किनारे के खेतों में अक्सर आ रहे बाघ
वैसे तो बाघ हमले की सभी घटनाएं मैलानी और मोहम्मदी रेंज में हुई हैं। इससे इन इलाकों में अब भी बाघों के देखे जाने से लोगों में इस कदर खौफ है कि वह खेतों में जाने तक से कतराने लगे हैँ। वहीं गोला, पलिया, मझगई, निघासन, मैगलगंज, और शारदानगर रेंज में भी जंगल के बाहर अक्सर खेतों में बाघ नजर आते हैं। ग्रामीणों की सूचना पर वन अधिकारी भी जाते हैं और पगमार्क मिलने की पुष्टि भी करते हैं। इससे इन इलाके के लोगों में दहशत बनी रहती है।
-----------
हर रोज बाघ आया, बाघ आया का शोर
फरवरी 2016 में मैलानी रेंज से बाघ हमले में कुकरा के किसान की मौत के बाद से शुरू हुई बाघ की दहशत बढ़ती ही गई। शायद ही कोई ऐसा दिन गया हो जब कहीं न कहीं बाघ दिखने की बात न आई हो। बाघ आया, बाघ आया की दहशत अब ऐसी फैल चुकी है कि लोगों को खेत तक अच्छे नहीं लगते। जंगल किनारे के गांव में घुसते ही लोगों के जेहन में बाघ का खौफ नजर आने लगता है। बाघ आने की सूचना ग्रामीण वन विभाग को देते हैं, तब तक बाघ दूसरी तरफ निकल जाता है। इसके बाद वन विभाग की टीम लकीर पीटती रह जाती है। फिर किसी दूसरे इलाके में बाघ दिखने की बात सामने आ जाती है।
--------------
वन अधिकारियों का दावा, बाघों की मॉनीटरिंग जारी
दक्षिण खीरी वन प्रभाग के डीएफओ समीर कुमार कहते हैं कि बाघ की नियमित मॉनीटरिंग की जा रही है। ग्रामीणों को भी अलर्ट रहने के लिए पोस्टर लगवाए गए हैं। क्षेत्र में टीमें कांबिंग करती रहती हैं। वन विभाग की टीम का प्रयास यही है कि बाघ का मूवमेंन्ट जंगल की ओर रहे, ताकि बाघ हमलावर न हो सकें। वहीं दुधवा टाइगर रिजर्व वफर जोन के उप निदेशक डॉ. अनिल पटेल का भी कमोवश यही कहना है। वह कहते हैं वन्य जीवों पर नजर रखने के लिए 24 घंटे टीम तत्पर है। मानव का जंगल में दखल न हो तो वन्य जीव के हमले की कोई गुंजाइश नहीं रहती, फिलहाल एहतिहातन टीमें लगी हुई हैं।

----------
फैक्ट फाइल:
बाघ हमले से मौतें: मोहम्मदी और मैलानी रेंज में 14 जान गईं
दुधवा टागर रिजर्व: 884 वर्ग किलोमीटर
उत्तर खीरी वन: 494 वर्ग किलोमीटर
दक्षिण खीरी वन: 411 वर्ग किलोमीटर
कुल वन क्षेत्रफल: 1789 वर्ग किलोमीटर
टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रेंज: 10
उत्तर खीरी वन प्रभाग में रेंज : 06
दक्षिण खीरी वन प्रभाग में रेंज : 06
--------------
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
बाघ एवं अन्य वन्य जीवों का जंगल से बाहर आना मानव की जानवरी वृत्ति का नतीजा है। जंगल में अतिक्रमण और प्रशासनिक कुप्रबंधन ने जंगल की दिनचर्या को तबाह कर दिया है। चारागाह सिमट गए हैं। जंगल में इंसानों के दखल से वन्य जीव जंगल से पलायन कर आबादी की ओर आ रहे हैं और यही मनुष्यों के लिए घातक साबित हो रहा है।
डॉ. वीपी सिंह, वन्य जीव विशेषज्ञ
-----------------
वर्ष 2016 में मैलानी रेंज में बाघ हमले से हुईं मौतें
1. 22 फरवरी- मैलानी रेंज की सलेमपुर बीट में बाघ हमले से कुकरा निवासी 50 वर्षीय रईश की मौत
2. 18 मार्च- जटपुरा बीट में खेत की रखवाली कर रहे सोहनराभूड़ निवासी 50 वर्षीय तरसेम सिंह की मौत
3. 15 अप्रैल- ढाका गांव में खेत के अंदर गेंहू फसल काट रही 15 वर्षीय किशोरी किरन कीे मौत
4. 07 जुलाई- खरेहटा बीट में खरेहटा निवासी भोगन कश्यप की मौत
5. 02 अगस्त- खरेहटा बीट में 50 वर्षीय अंजनि की मौत
6. 17 अगस्त- सुआबोझ वन ब्लाक में कपरहा कुंआ निवासी 13 वर्षीया किशोरी सरस्वती की मौत
7. 19 अगस्त- छेदीपुर निवासी 56 वर्षीय टीकाराम की मौत
8. 20 अगस्त- छेदीपुर गांव निवासी बाबूराम की मौत
9. 30 अगस्त- भरिगवां निवासी 50 वर्षीय जानकी प्रसाद की मौत
----------
वर्ष 2017-18 में मोहम्मदी-मेम्बर रेंज में बाघ हमले से हुईं मौतें
1. 13 अप्रैल 17 - देवियापुर निवासी 40 वर्षीय शर्मादीन की मौत
2. 28 अगस्त 17 - गांव पसियापुर के 52 वर्षीय नरायनलाल की मौत
3. 21 अक्तूबर 17 - अशर्फीगंज के मूड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय लालाराम की मौत
4. 16 नवंबर 17 - महेशपुर निवासी 45 वर्षीय किसान ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश की मौत
5. 18 जून18 - सुंदरपुर के 35 वर्षीय किसान बालकराम को गन्ने में हमला कर मार डाला
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed