Cyber Crime: फेसबुक पर देखा विज्ञापन, एप डाउनलोड करते ही क्रेडिट कार्ड से कट गए 50 हजार रुपये
साइबर ठगों ने एक महिला के खाते से 50 हजार रुपये की शॉपिंग कर ली। महिला ने फेसबुक पर विज्ञापन देख ऑनलाइन ऑपिंग का एप डाउनलोड किया था। एप डाउनलोड होते ही उसके क्रेडिट कार्ड से दो बार में 25-25 हजार रुपये कट गए।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले में साइबर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब साइबर ठगों ने मोहल्ला काशीनगर निवासी महिला को निशाना बनाया है। बताया गया कि महिला ने ऑनलाइन खरीदारी के लिए एक एप डाउनलोड किया। एप डाउनलोड करते ही उनके क्रेडिट कार्ड से दो बार में 50 हजार रुपये कट गए। पीड़ित ने सदर कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
मोहल्ला काशीनगर निवासी सचिन श्रीवास्तव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि 14 जुलाई को उनकी पत्नी प्रज्ञा श्रीवास्तव ने फेसबुक पर विज्ञापन देखकर कुछ सामान आर्डर किया। पत्नी को फोन पर बिग बाजार एप डाउनलोड करने का ऑप्शन आया।
दो बार में 25-25 रुपये कटे
एप डाउनलोड करते ही पत्नी के क्रेडिट कार्ड से दो बार में 25-25 हजार रुपये कट गए। यह रुपये मेक माय ट्रिप नाम से काटे गए। रुपये कट जाने का पता चला तो पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1030 पर फोन किया। सदर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मेक माय ट्रिप के नाम धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
ठगों का निशाना बन चुके हैं कई लोग
साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कुछ दिन पहले पुलिस लाइन में तैनात एसआई के खाते से पांच बार में 51500 रुपये कट चुके हैं। एसआई ने सदर कोतवाली में केस दर्ज कराया। ठग, फरधान थाने के सिपाही को भी चूना लगा चुके हैं। सिपाही के खाते से 95 हजार से अधिक धनराशि पार कर दी थी। कई अन्य लोग भी ठगी का शिकार हो चुके हैं।