धनगढ़ी-नेपाल। सुदूर पश्चिम के पहाड़ी इलाके के बझांग जिले में सोमवार की देर शाम मुख्यालय चैनपुर से मष्टा ग्राम के लिए जा रही एक जीप गहरी खाई में गिर गई। जिसमें जीप पर सवार दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नेपालगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार की शाम सुदूर पश्चिम के पहाड़ी बझांग जिले के मुख्यालय चैनपुर से मष्टा गांव को जा रही थी। अचानक अनियंत्रित होकर चार सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जीप पर 15 लोग सवार थे, जिसमें से मष्टा गांव निवासी 40 वर्षीय कमल बहादुर खड़का, उनकी 38 वर्षीय पत्नी जुनधारा, 17 वर्षीय पुत्र सुनील खड़का, 23 वर्षीय हिकमत खड़का, 59 वर्षीय धौली खड़का, 65 वर्षीय जूना खड़का, 30 वर्षीय भक्त दुवाल, 27 वर्षीय लक्ष्मी द्वाल, जीप चालक 22 वर्षीय सुरेंद्र थाना, नौ वर्षीय विनीता खड़का की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। चैनपुर से पहुंची पुलिस ने गहरी खाई में से मृतक कलका खड़का की घायल पुत्री संगीता खड़का, गोकुल शाही, अनीता द्वाल, जनक द्वाल, गणेश खड़का को तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला। जिन्हें हैलीकॉप्टर से ले जाकर नेपालगंज में भर्ती कराया गया है। बझांग डीएम सुरेश सुनार तथा एसपी ने भी घटनास्थल का दौरा किया।