कुशीनगर: चौराहे पर युवक का गला रेता, बचाने पहुंचे दूसरे को भी पीटकर किया अधमरा; तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में 10 नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविप्रताप यादव निवासी लंगड़ी, अभय सिंह निवासी सकलौली और सचिन यादव निवासी लंगड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
विस्तार
हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराजपुर गांव में सोमवार शाम चौराहे पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला रेत दिया गया। उसे बचाने पहुंचे दूसरे युवक को भी हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सरेराह हुई वारदात से इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मामले में 10 नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सामान खरीदने गए थे मनोज
देवराजपुर गांव निवासी मनोज चौहान सोमवार शाम करीब पांच बजे चौराहे पर स्थित एक दुकान से सामान खरीदने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने मनोज को लाठी-डंडों से पीटने के बाद धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।मनोज को बचाने के लिए गांव के ही पपिंदर ने हस्तक्षेप किया तो हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बना लिया। आरोपियों ने पपिंदर को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली बाजार पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मनोज चौहान का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में, जबकि पपिंदर का इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
10 नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने मामले में 10 नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविप्रताप यादव निवासी लंगड़ी, अभय सिंह निवासी सकलौली और सचिन यादव निवासी लंगड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।