कुशीनगर: तमकुहीरोड स्टेशन पर पुरानी रंजिश में ट्रेन में चढ़ रहे युवक को मारी गोली, आरोपी फरार
गोली चलने की सूचना मिलने पर सेवरही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
विस्तार
कुशीनगर के तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात मां के साथ लखनऊ जाने के लिए ट्रेन में चढ़ रहे युवक को गोली मार दी गई। गोली युवक की जांघ में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक का इलाज गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत खतरे से बाहर है।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के घघवा जगदीश गांव निवासी राजन शर्मा सोमवार रात अपनी मां के साथ लखनऊ जाने के लिए तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान सेवरही थाना क्षेत्र के रकबा जंगली पट्टी निवासी आदर्श सिंह उर्फ बंटी ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश को लेकर राजन पर तमंचे से गोली चला दी। गोली उनकी जांघ में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
सीएचसी से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर
गोली चलने की सूचना मिलने पर सेवरही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि राजन अब खतरे से बाहर हैं।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
जीआरपी इंस्पेक्टर गोरखपुर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ तरयासुजान थाने में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद सेवरही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। उसके पिता से भी पूछताछ की जा रही है।