फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kushinagar News ›   korona

आठ और कोरोना पॉजिटिव मिले, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 44

Fri, 05 Jun 2020 10:33 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Fri, 05 Jun 2020 10:33 PM IST
विज्ञापन
korona
आठ और कोरोना पॉजिटिव मिले, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 44
विज्ञापन

प्रभावित गांवों को किया गया सील, आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना(कुशीनगर)। जिले में अब कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला तेज हो गया है। बृहस्पतिवार देर रात आठ और लोगों में संक्रमण की पुष्टि के बाद जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव 44 हो गए हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि देर रात आई रिपोर्ट में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बतरौली बाजार निवासी युवक के अलावा पटहेरवा थाना क्षेत्र के तरुअनवा गांव के धरम टोला में एक, कसया ब्लॉक के बजरकेरइया गांव में तीन, रामकोला ब्लॉक के भुइसोहरा गांव के दो व्यक्ति और विशुनपुरा ब्लॉक के डुमरा दुबौली की एक महिला कोरोना पॉजीटिव मिली है। इस प्रकार जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 44 पहुंच गई है। इनमें दो लोगों की मौत हो चुकी है। सात मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। जिले में एक्टिव केस 35 हैं। कोरोना के नए संक्रमितों के गांवों को कंटेंमेंट जोन घोषित करने और उन्हें सील करने के साथ सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।
विज्ञापन

एडीएम विंध्यवासिनी राय ने बताया कि फाजिलनगर क्षेत्र के गांव कुचिया मठिया, विशुनपुरा ब्लॉक के खजुरिया, विजई छपरा व बेतिया, रामकोला क्षेत्र के गांव चंदरपुर में कोरोना के नए रोगी मिलने के कारण इसका संक्रमण रोकने के लिए तथा बचाव के उद्देश्य से इनके तीन किलोमीटर के परिक्षेत्र को सील कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। एडीएम ने बताया कि बीमार व्यक्तियों व गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने, मृतकों के अंतिम संस्कार जैसे अत्यावश्यक कार्यों में सोशल डिस्टेंसिंग की शर्त के साथ आवागमन में छूट दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रभावित गांवों में बेवजह आने-जाने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा : डीएम
पडरौना। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए डीएम ने कड़े कदम उठाने को कहा है। उन्होंने कोरोना प्रभावित गांवों में बेवजह आने-जाने वालों पर मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजने का निर्देश दिया है।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि कोविड-19 से संक्रमित मरीजों अथवा पहचान किए गए व्यक्तियों के निवास स्थल को संक्रमण केंद्र माना गया है। इन गांवों व क्षेत्रों से न तो किसी को बाहर जाने की इजाजत है और न ही किसी को आने की अनुमति दी जाएगी। आवागमन पूरी तरह से निषिद्ध किया गया है। एसडीएम पडरौना, कसया व कप्तानगंज के साथ ही संबंधित बीडीओ को कंटेनमेंट जोन को ग्राम प्रधान एवं सभासद के सहयोग से सील रखने के निर्देश दिए गए हैं। मार्गों पर सतत निगरानी की व्यवस्था एसपी के स्तर से होगी। यदि कोई व्यक्ति कंटेनमेंट जोन से बाहर पलायन करता है अथवा बाहर से इस क्षेत्र में प्रवेश करता है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उसे जेल भेजा जाएगा। डीपीआरओ एवं संबंधित सीएचसी के प्रभारी एडीओ पंचायत इन गांवों में मलेरिया व कालाजाररोधी छिड़काव कराएंगे। कर्मचारी पर्याप्त सुरक्षात्मक उपाय के साथ कार्य करेंगे।
डीएम ने कंटेनमेंट जोन की गहन निगरानी की हिदायत दी है। आशा और पंचायत प्रतिनिधि प्रत्येक परिवार की नियमित जांच कर प्रपत्र जमा करेंगे। सीएमओ को संक्रमित व्यक्ति के परिवार के सभी सदस्यों की आइसोलेशन सेंटर में नियमित जांच कराने को कहा है। आइसोलेशन सेल के प्रभारी को संक्रमित व्यक्ति के परिवार के सदस्य को आइसोलेशन सेंटर में प्रोटोकाल के अनुरूप रखवाते हुए प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
कसया क्षेत्र में पांच संक्रमित मिलने से लोग भयभीत
कसया। तहसील क्षेत्र में पांच कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में कसया ब्लाक के गांव बजरकेरइया में तीन, फाजिलनगर के गांवत तरुअनवा धर्म टोला में एक व तुर्कपट्टी क्षेत्र के गांव बतरौली में एक कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। इसके बाद से प्रशासनिक, स्वास्थ्य व पुलिस विभाग के अधिकारी गांव को सील कर सैनीटाइजेशन कराने में जुट गए हैं।
सिरसिया खोहिया गांव के टोला बजरकेरइया में एक बालक सहित तीन कोरोना पॉजिटिव एक ही साथ सामने आने से लोग दहशत में हैं। दस दिन पूर्व गांव के एक युवक (26) मुंबई से पत्नी व बच्चों के साथ घर आया था। वह जांच में कोरोना पॉजिटिव मिला था। उसके संपर्क एवं ट्रैवल हिस्ट्री को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कई का सेंपल जांच में भेजा। रिपोर्ट में युवक का 12 वर्षीय पुत्र तथा उसे कसया से घर टेंपो से लेकर आने वाला चालक 32 वर्षीय व उसका भाई 17 वर्षीय पॉजिटिव मिले। इसके लावा तुर्कपट्टी व तरूअनवा में एक-एक पाजिटिव मरीज मिले हैं। इससे इन गांवों के लोग भयभीत हैं।
भुईसोहरा गांव में मिले दो संक्रमितों के साथ आई थी पॉजिटिव महिला
जटहां बाजार। विशुनपुरा ब्लॉक के दुबौली गांव की 28 वर्षीया महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। महिला अपने परिवार के पांच लोगों के साथ मुंबई से तीन जून को घर आई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को लक्ष्मीपुर के एल-1 हॉस्पिटल में ले गई। परिवार के शेष लोगों को सावधानीपूर्वक घर में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, भुईसोहरा गांव में मिले दो पॉजिटिव भी एक-दूसरे के रिश्तेदार हैं और सभी एक साथ ही घर आए थे।
विशुनपुरा क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब आठ हो गई है। दुबौली गांव की महिला तीन जून को अपने परिवार के पांच लोगों के साथ मुंबई से घर आई थी। शुक्रवार को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। सूचना पर सीएचसी विशुनपुरा की स्वास्थ्य टीम से बीपीएम दीपक कुमार, चीफ फार्मासिस्ट अनिरुद्ध सिंह, उमेश तिवारी और डब्ल्यूएचओ से नितिन, वशिष्ठ, आशीष पहुंचे। इन लोगों ने महिला को इलाज के लिए एंबुलेंस से भेजवाया, शेष लोगों को सावधानी से घर में रहने का निर्देेश दिया। एसओ उमेश कुमार ने बताया कि प्रभावित जगह को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
कुचिया मठिया भी बना हॉटस्पॉट
पटहेरवा। थाना क्षेत्र के महुअवा गांव का कोरोना पॉजिटिव युवक मुंबई से गांव न जाकर सीधे अपने जीजा के गांव कुचिया मठिया पहुंच गया था। इसकी जानकारी होने के बाद प्रशासन ने कुचिया मठिया को हॉटस्पॉट घोषित कर गांव को सील कर दिया। संक्रमित को एल-1 अस्पताल लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया गया। संपर्क में आए उसके सात रिश्तेदारों का सैंपल भी जांच में भेजा जाएगा।
बतरौली को पुलिस ने किया सील
तुर्कपट्टी। फाजिलनगर ब्लॉक के गांव सपहां टोला बतरौली में कोरोना संक्रमित पाया गया युवक गाजियाबाद से आया था। उसने खुद ही थाना पहुंच कर अस्पताल भेजने की अपील की। पुलिस ने पूरे गांव को सील कर दिया है।
22 वर्षीय यह युवक गाजियाबाद की एक कंपनी में आईटीआई कोर्स का प्रशिक्षण ले रहा था। 30 मई की देर रात वह साइकिल से घर पहुंचा और गांव के बाहर मंदिर में रहने लगा। सर्दी-खांसी होने पर गांववालों ने जब मंदिर के सार्वजनिक हैंडपंप को छूने से मना किया तो झड़प के बाद युवक विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बेलवा नौगांवा चला गया। वहां से दो दिन पहले वह वापस घर पहुंचा। बृहस्पतिवार की देर रात रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद युवक तुर्कपट्टी थाने पहुंच गया। जहां से पुलिस ने उसे सेवरही क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। सीओ सदर फूलचंद्र कन्नौजिया, एसओ जितेंद्र सिंह, एसआई विशाल सिंह ने पूरे गांव को सील करके लोगों से एहतियात बरतने की अपील की।

संपर्क में आए लोगों को किया जा रहा चिह्नित
गुरवलिया बाजार। सपहां गांव के बतरौली टोला में कोरोना संक्रमित मिले युवक के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। मरीज के घर में उसकी मां, बहन और दादी हैं, जिन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed