सुकरौली। पूर्वांचल ग्रामीण बैंक शाखा से लिंकअप खाताधारकों को इन दिनों केवाईसी नहीं रहने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इन ग्राहकों को बैंक से राशि निकासी में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि पिछले एक माह से उत्पन्न समस्या को लेकर बैंक द्वारा ग्राहकों की सुविधा के लिए किसी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। खानापूर्ति करते हुए बैंक परिसर में उक्त समस्या का निराकरण करने के लिए एक भी काउंटर नही खोला गया है। कस्बे के ग्राहक सेवा केंद्र पर सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रही है। खाताधारकों ने मांग किया कि बैंक प्रबंधन मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए अविलंब समस्या का समाधान करें। जिससे ग्राहकों को राहत मिल सके। केवाईसी से संबंधित समस्या उत्पन्न होने से अन्य ग्राहकों के साथ पेंशनधारियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाताधारक सुरेश, कुसुम, कमलावती, राजेश,श्यामसुंदर, मेवा, सुगिया, शिव शंकर आदि ने बताया कि बैंक में पैसा नही निकल रहा है।कर्मियों का कहना है कि केवाईसी कराइए लेकिन बैंक में कागजात जमा करने के हप्तों बाद भी केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नही हो रही है।ऐसे में निकासी नही होने से बाजार और दवा के लिए दिक्कतें उठानी पड़ रही है।