{"_id":"5b9fe788867a557fe2536e22","slug":"71537206152-kushinagar-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मथौली बाजार में सीएचसी पर तैनात डॉक्टर को युवक ने जड़ा थप्पड़","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
मथौली बाजार में सीएचसी पर तैनात डॉक्टर को युवक ने जड़ा थप्पड़
Updated Mon, 17 Sep 2018 11:41 PM IST
विज्ञापन
doctor
- फोटो : amar ujala
विज्ञापन
मथौली बाजार (कुशीनगर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मथौली बाजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित सफाई अभियान कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व एक डॉक्टर पर थप्पड़ जड़ने के बाद समूचा चिकित्सकीय स्टॉफ भड़क गया। डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने काम बंद कर धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कप्तानगंज थाने के एसओ और हाटा के नायब तहसीलदार ने पहुंचकर चिकित्सकीय स्टॉफ को समझाया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इस बीच इलाज न होने से मरीजों और तीमारदारों को काफी दिक्कतें हुईं।
अपने तयशुदा कार्यक्रम के तहत भाजपा और हियुवा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोमवार को सुबह मोतीचक के मथौली बाजार स्थित सीएचसी में पहुंचे, जहां सफाई अभियान का कार्यक्रम था। धरना दे रहे डॉक्टरों का कहना था कि कुछ कार्यकर्ताओं ने डॉ. फैसल अब्बास से कुर्सियां उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन डॉक्टर मरीजों के इलाज में व्यस्त थे, यह देख एक कार्यकर्ता ने उनके ऊपर हाथ छोड़ दिया। इसके बाद डॉक्टर और समस्त चिकित्सकीय स्टॉफ कार्य ठप कर धरना पर बैठ गया।
विज्ञापन
दिन के लगभग ढाई बजे कप्तानगंज थाने के एसओ श्यामलाल यादव और हाटा के नायब तहसीलदार दीनानाथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से तहरीर ली और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया। दूसरी ओर सफाई अभियान कार्यक्रम में आए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभद्रता और अपशब्दों का प्रयोग किए जाने का आरोप लगा रहे थे। कप्तानगंज थाने के एसओ श्यामलाल यादव का कहना था कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। डॉक्टरों की तरफ से एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन