तीन से लापता बालक का मिला क्षत-विक्षत शव
बालक गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। शव की शिनाख्त के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने हत्या की आशंका जताई है। साथ ही उसका कहना है कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है। कुछ लोगों का कहना है कि किसी जानवर के हमले से भी मौत हो सकती है।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल सिंघापट्टी गांव के करमहवा टोला के निवासी टहगु गोंड का 12 वर्षीय पुत्र चंदन पिछले छह सितंबर की शाम करीब छह बजे शौच करने खेत की ओर गया था, काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजन उसे ढूंढने निकल गए। काफी खोजबीन के बाद भी बालक का कहीं पता नहीं चल सका। हार थककर लड़के के पिता ने शनिवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज करने की मांग की।
रविवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से 200 मीटर की दूरी पर धान के खेत में चंदन का क्षत विक्षत-शव मिला। सूचना पर कोतवाल विजय राज सिंह और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और छानबीन की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की सूचना पर घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। वह बालक गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। कोतवाल विजय राज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा।