{"_id":"70-97473","slug":"Kushinagar-97473-70","type":"story","status":"publish","title_hn":"बांसी नदी में डूबने से युवक की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बांसी नदी में डूबने से युवक की मौत
Kushinagar
Updated Sun, 26 Oct 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
दुदही। विशुनपुरा थानाक्षेत्र अंतर्गत बांसगांव खैरवा के पास बांसी नदी में डूबने से शनिवार को एक युवक की मौत हो गई। वह दोपहर में नाव से नदी पार कर रहा था। मृतक के परिवार के लोग शव रखकर धरना पर बैठ गए। यह लोग नदी पर पक्का पुल बनवाने की मांग कर रहे थे। घटना के दो घंटे बाद तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। भाई की मौत से दु:खी उसकी छोटी बहन ने भी नदी में छलांग लगा दी लेकिन वहां मौजूद लोगाें ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पिछले छह वर्षों में यहां नदी में डूबने से तकरीबन 18 लोगों की मौत हो चुकी है। बांसगांव खैरवा के पिपरा टोला निवासी राजमन के 22 वर्षीय बेटा दिलीप शनिवार को दुदही में बाजार करने घर से निकले थे। दिन के लगभग ढाई बजे वह बांसी नदी के खैरवाघाट के पास नाव से नदी पार कर रहे थे। नाव वह खुद चला रहे थे। बीच नदी में पहुंचने पर नाव पलट गई और वह डूब गए। नाव में बैठा एक अन्य व्यक्ति बचाव के लिए नदी में कूदा लेकिन बचा नहीं सका। एक घंटे बाद लोगों ने दिलीप का शव नदी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मृतक के परिवारीजन भी पहुंच गए। वे खैरवा घाट पर पक्का पुल बनवाने और मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर शव रखकर धरना देने लगे। तकरीबन ढाई घंटे बाद हल्का लेखपाल और विशुनपुरा थाने की पुलिस पहुंची। मांगाें के संबंध में अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर भाई दिलीप की मौत से दु:खी उनकी छोटी बहन गुड़िया भी रोते हुए पहुंची और नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे नदी से किसी तरह बाहर निकाला।
विज्ञापन