'आजम खान ने मुझे डराया और धमकाया'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर सिंह के बाद सांसद जयाप्रदा ने भी सपा नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नगर विकास मंत्री आजम खां पर प्रहार करते हुए क्षेत्र में काम न करने देने का आरोप लगाया। साथ ही डराने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
सोमवार को बातचीत के दौरान सांसद व अभिनेत्री जयाप्रदा ने कहा कि आजम खां रामपुर में मेरी बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गए थे। वह (आजम खां) सोच रहे थे कि चुनाव जीतने के बाद मैं मुम्बई में बैठ जाऊंगी, उनको दुआ-सलाम करूंगी।
मगर, इसके उलट मैंने उनके गढ़ में सेंध लगा दी थी, जिसके चलते मुझे तीन महीने बाद ही पार्टी से निकाल दिया गया।
गाड़ी से लाल बत्ती उतरवा दी
पार्टी के इस फैसले से मैं वर्ष 2009 का चुनाव जीत कर भी हार गई थी। बात यहीं थम जाती तो भी कोई बात नहीं थी, आजम ने मुझे डराया-धमकाया और मेरी गाड़ी से लाल बत्ती उतरवा दी। मेरे साथ-साथ अमर सिंह जी को भी सजा भुगतनी पड़ी।
जयाप्रदा ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव पर भी जमकर निशाना साधा। महिलाओं को लेकर दिए गए मुलायम के बयान की निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं में आक्रोश है।
महिलाएं सकते में हैं कि बुजुर्ग होकर आखिर वह (मुलायम सिंह) ऐसा बयान कैसे दे सकते हैं। जया ने कहा कि सपा और आजम खां की नजरों में महिलाओं का सम्मान नहीं है। प्रदेश में गुंडाराज चल रहा है।
मुश्किल की घड़ी लेकिन पार्टी पहले
मंगलवार से जयाप्रदा मथुरा में रालोद प्रत्याशी जयंत चौधरी के लिए प्रचार शुरू करेंगी। मथुरा से सिनेतारिका हेमामालिनी भी भाजपा से चुनाव लड़ रही हैं।
ऐसे में सांसद और फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा का कहना है कि हेमामालिनी वरिष्ठ अदाकारा हैं। हम उनका सम्मान करते हैं और वह भी हमें बहुत प्यार करती हैं लेकिन किसी भी व्यक्ति से ऊपर उसकी पार्टी होती है। इसलिए जयंत चौधरी के लिए मैं हेमामालिनी के क्षेत्र में भी प्रचार करूंगी।