यूपी विधानसभा चुनाव : डिप्टी सीएम केशव के खिलाफ सपा गठबंधन से पल्लवी पटेल ही लड़ेंगी चुनाव, नामांकन कल
भाजपा ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को उनके गृह नगर सिराथू क्षेत्र से अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। इसके चलते सिराथू की गिनती हाईप्रोफाइल सीटों में की जा रही है। पूरे प्रदेश की निगाह यहां के चुनाव पर है। सपा ने डॉ. सोनेलाल पटेल की छोटी पुत्री पल्लवी को चुनाव मैदान में उतार दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिराथू से भाजपा प्रत्याशी डिप्टी सीएम केशव मौर्य के खिलाफ सपा गठबंधन से पल्लवी पटेल ही चुनाव लड़ेंगी। मंगलवार को वह कलक्ट्रेट आकर अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इसके बाद अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगी। सोमवार को उन्होंने सपा कार्यालय पहुंचकर फार्म बी लिया। इसी के साथ ही सिराथू से सपा प्रत्याशी को लेकर चार दिन से चल रहे कयासों, अटकलों पर विराम लग गया।
भाजपा ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को उनके गृह नगर सिराथू क्षेत्र से अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। इसके चलते सिराथू की गिनती हाईप्रोफाइल सीटों में की जा रही है। पूरे प्रदेश की निगाह यहां के चुनाव पर है।
प्रमुख विपक्षी दल सपा भी इस सीट को लेकर बेहद गंभीर है। सपा सुप्रीमो ने तो यहां तक कह दिया है कि डिप्टी सीएम के खिलाफ मजबूत प्रत्याशी उतारने के साथ ही जरूरत पड़ने पर वह खुद सिराथू आकर साइकिल चलाएंगे। सपा कार्यकर्ताओं की मानें तो पल्लवी पटेल के नामांकन पर पूर्व सांसद डिंपल यादव भी आ सकती हैं।
पहले पल्लवी ने लड़ने से कर दिया था इनकार
यहां से टिकट के लिए कैलाश केसरवानी, आनंद मोहन पटेल, अनुज यादव, वीरेंद्र उर्फ विक्की साहू, दिलीप पटेल समेत आधा दर्जन पुराने सपाई लाइन में लगे थे। लेकिन पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने तमाम मंथन के बाद लाइन में लगे दावेदारों को दरकिनार कर दो फरवरी को अपना दल (कमेरावादी) की मुखिया कृष्णा पटेल की बेटी पल्लवी पटेल को गठबंधन का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
सूची सार्वजनिक होते ही सियासी बवंडर मच गया। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से खबरें उड़ी की पल्लवी पटेल ने डिप्टी सीएम के खिलाफ चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। वह प्रयागराज के शहर पश्चिमी या फिर प्रतापगढ़ जिले की सदर सीट से चुनाव लड़ना चाह रही हैं। प्रतापगढ़ की सदर सीट से उनके नाम का पर्चा भी खरीद लिया गया है
अपना दल ने साध रखी है चुप्पी
इस बाबत सपा अथवा अपना दल (कमेरावादी) की तरफ से कोई अधिकृत बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय स्तर पर दोनों दलों के नेता चुप्पी साधे हुए हैं। इस कारण पल्लवी की उम्मीदवारी को लेकर संशय बना हुआ था। इसी बीच पल्लवी पटेल के फोन पर उनके करीबी और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय पटेल ने बताया कि वह सिराथू सीट से ही चुनाव लड़ेंगी।
आठ फरवरी को कलक्ट्रेट आकर पल्लवी अपनी उम्मीदवारी का पर्चा भरेंगी। इसी के बाद क्षेत्र में अपने प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगी। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने भी इसकी पुष्टि की है।
पल्लवी के नामांकन में आ सकती हैं डिंपल यादव
सिराथू से सपा गठबंधन प्रत्याशी पल्लवी पटेल आठ फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगी। उनके नामांकन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी पूर्व सांसद डिंपल यादव के आने की संभावना है। सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने बताया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश की चुनावी व्यस्तता के कारण पूर्व मुख्यमंत्री का कार्यक्रम नहीं बन पा रहा है। ऐसे में पूर्व सांसद डिंपल यादव के आने की संभावना है। हालांकि, अभी कार्यक्रम फाइनल नहीं हुआ है।