तिहरा हत्याकांड : फरार राजेंद्र के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी, कुर्की की तैयारी में पुलिस
पंडा चौराहे पर 15 सितंबर को भूमि विवाद को लेकर अनुसूचित जाति के होरीलाल, उनकी गर्भवती बेटी बृजकली और दामाद शिवसरन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक होरीलाल के बेटे सुभाष की तहरीर पर पुलिस ने पीएसी के सिपाही सुरेश सिंह, यादवेंद्र उर्फ गुड्डू, अरविंद सिंह, अजीत सिंह, अमर सिंह, अमित सिंह, अनुज सिंह, व राजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
विस्तार
संदीपनघाट कोतवाली के मोहीउद्दीनपुर गौस गांव के पंडा चौराहे पर भूमि विवाद को लेकर हुए तिहरा हत्याकांड में नामजद राजेंद्र सिंह की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी पुलिस ने कर ली है। वारदात के बाद से फरारी काट रहे राजेंद्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अदालत से गैर जमानती वारंट (एनबीडब्यू) का आदेश प्राप्त कर लिया है।
पंडा चौराहे पर 15 सितंबर को भूमि विवाद को लेकर अनुसूचित जाति के होरीलाल, उनकी गर्भवती बेटी बृजकली और दामाद शिवसरन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक होरीलाल के बेटे सुभाष की तहरीर पर पुलिस ने पीएसी के सिपाही सुरेश सिंह, यादवेंद्र उर्फ गुड्डू, अरविंद सिंह, अजीत सिंह, अमर सिंह, अमित सिंह, अनुज सिंह, व राजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
विवेचना के दौरान जयकरन यादव, अनूप सिंह व तीरथ निषाद को आरोपी बनाया गया। पुलिस ने आरोपियों को 21 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा। सिर्फ राजेंद्र सिंह और अनूप सिंह की गिरफ्तारी शेष है। हत्या में शामिल रहा अनूप साथियों की ही गोली लगने के कारण जख्मी है। प्रयागराज के एसआरएन में पुलिस कस्टडी के दौरान उसका इलाज कराया जा रहा है। जबकि राजेंद्र फरार चल रहा है।
खुलासे के लिए गठित पुलिस की दो टीमें राजेंद्र की तलाश में कई जनपदों में दबिश दे चुकी, लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका। अब पुलिस ने उस पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। अदालत से राजेंद्र के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कराने में पुलिस को कामयाबी मिली है। अब भी उसने आत्मसमर्पण नहीं किया तो कुर्की की कार्रवाई हो सकती है।
राजेंद्र की तलाश में कई जगह दबिश दी जा चुकी है, लेकिन अब तक वह फरार है। अदालत ने राजेंद्र सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। इसके बाद भी वह पकड़़ा नहीं जाता तो कुर्की के लिए विधि संगत कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। -योगेंद्र कृष्ण नारायण, सीओ चायल