कौशांबी : बेवफा सिपाही से इंसाफ पाने को भटक रही गर्भवती पहुंची कोर्ट, लव मैरीज के बाद सिपाही ने दिया धोखा
नॉर्थ त्रिपुरा के रानीबारी की रहने वाली बसंती कर्मकार पुत्री सूजोई कर्मकार के मुताबिक वर्ष 2020 में फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती अलीगढ़ जनपद के नगला कुंजी थाना गोंडा निवासी दीपक कुमार से हुई। दीपक ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और सात महीने पहले उसने त्रिपुरा आकर कोर्ट मैरिज किया।
विस्तार
अलीगढ़ निवासी सिपाही दीपक कुमार की बेवफाई से आजिज उसकी पत्नी बसंती ने अब भरण-पोषण के लिए अदालत में मुकदमा दायर किया है। विवाहिता के मुताबिक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा तो लिख लिया लेकिन कार्रवाई नहीं कर रही है।
नॉर्थ त्रिपुरा के रानीबारी की रहने वाली बसंती कर्मकार पुत्री सूजोई कर्मकार के मुताबिक वर्ष 2020 में फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती अलीगढ़ जनपद के नगला कुंजी थाना गोंडा निवासी दीपक कुमार से हुई। दीपक ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और सात महीने पहले उसने त्रिपुरा आकर कोर्ट मैरिज किया। सिपाही के पद पर रहे दीपक की तैनाती पुलिस लाइन में है।
दीपक उसे सदर कोतवाली के ओसा स्थित किराए के कमरे में रखे था। दो जुलाई को उसे जब मालूम चला कि बसंती गर्भवती है तो वह बिना बताए अपने घर चला गया। मकान मालिक ने भी उसे घर से निकाल दिया। दीपक की मां ने उसे पांच लाख लेकर त्रिपुरा वापस जाने की धमकी दी। इस बाबत सदर कोतवाली में आरोपी दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
बसंती का कहना है एसपी बृजेश कुमार ने उसे रहने के लिए सरकारी आवास व मेस से भोजन की व्यवस्था करा दिया है। लेकिन पेट में पल रहे बच्चे की देखभाल के लिए सिपाही से पैसा नहीं दिलाया जा रहा। आरोप है कि पुलिस कर्मी खुद उस पर समझौते का दबाव बना रहें हैं। विवाहिता ने कहा कि वह अपने व गर्भ में पल रहे बच्चे के हक के लिए लड़ाई लड़ेगी। शुक्रवार को उसने भरण-पोषण का वाद दायर किया है। वहीं, इंस्पेक्टर मंझनपुर संतोष शर्मा का कहना है दीपक को बुलाया गया है। विवेचना के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।