Kaushambi : यमुना जी से व्यवहार अच्छा नहीं...अखिलेश ने अवैध खनन पर सरकार को घेरा
वीडियो शेयर करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने लिखा है कि ‘कहने को अवैध खनन का दृश्य कौशाम्बी का है। लेकिन यही हाल पूरे उत्तर प्रदेश का है’। उन्होंने लिखा कि ‘क्या शासन-प्रशासन को अवैध काम में लगी इतनी बड़ी मशीनें नहीं दिख रही हैं या वह देखना नहीं चाहते हैं।
विस्तार
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कौशाम्बी में बालू के अवैध खनन को लेकर सरकार को घेरा है। कटैया घाट पर हो रहे खनन का एक वीडियो उन्होंने 15 फरवरी को एक्स पर अपलोड किया। लिखा कि यमुना से यह व्यवहार अच्छा नहीं। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। वहां से पोकलैंड मशीन और दस ट्रकों को पकड़ा।
वीडियो शेयर करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने लिखा है कि ‘कहने को अवैध खनन का दृश्य कौशाम्बी का है। लेकिन यही हाल पूरे उत्तर प्रदेश का है’। उन्होंने लिखा कि ‘क्या शासन-प्रशासन को अवैध काम में लगी इतनी बड़ी मशीनें नहीं दिख रही हैं या वह देखना नहीं चाहते हैं। हो सकता है अवैध खनन में आई इस अतिरिक्त तेजी के पीछे चुनावों को जीतने के लिए अतिरिक्त खर्चों का दबाव हो। यमुना जी के साथ ऐसा व्यवहार अच्छा नहीं’।
सपा अध्यक्ष की ओर से पोस्ट किए गए इस वीडियो को उनके करीब 1400 फालोअर्स सोशल मीडिया पर वायरल भी किया। करीब 12 हजार से अधिक लोगों ने इस पर तरह-तरह के कमेंट किए हैं।
ड्रोन कैमरे से हुई पड़ताल तो सामने आया सच
सपा मुखिया के अवैध खनन को लेकर किए गए कमेंट के बाद एसपी बृजेश श्रीवास्तव के निर्देश पर सीओ चायल मनोज रघुवंशी ने सरायअकिल के इंस्पेक्टर विनीत सिंह के साथ कटैया घाट पर छापा मारा। घाट पर पहुंच कर जब पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे से पड़ताल की तो अवैध खनन की पोल खुली। पुलिस ने घाट पर मिली एक पोकलैंड मशीन और बालू के 10 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया है।
कुछ दिन पहले भी इसी घाट पर हुई थी कार्रवाई
कटैया घाट में कई पट्टेधारकों को बालू खनन का पट्टा मिला है। आए दिन इस घाट से अवैध बालू खनन की शिकायतें आती रहती हैं। नौ फरवरी को भी इसी घाट पर अवैध खनन का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिस पर खनन विभाग की टीम ने छापा मारा था। पट्टेधारक के खिलाफ कार्रवाई भी हुई थी।