कौशाम्बी में ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी के घर से पुलिस ने 20 बीडीसी सदस्यों को उठाया
सिराथू ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ रहे भाजपा नेता दिलीप पटेल के आवास पर बृहस्पतिवार रात पुलिस ने छापा मारकर 20 बीडीसी सदस्यों को उठा लिया।
विस्तार
सिराथू ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ रहे भाजपा नेता दिलीप पटेल के आवास पर बृहस्पतिवार रात पुलिस ने छापा मारकर 20 बीडीसी सदस्यों को उठा लिया। दिलीप पटेल का आरोप है कि पुलिस ने इस दौरान जमकर उत्पात मचाया। समर्थकों को लाठी-डंडों से पीटा गया। एक सदस्य का सिर फट गया, जबकि कई अन्य को भी चोटें आईं। बाद में पुलिस ने बीडीसी सदस्यों को उनके घरवालों की सुपुर्दगी में दिया। हालांकि दिलीप पटेल की तरफ से दो सदस्यों के गायब होने की तहरीर भी पुलिस को दी गई है।
सिराथू विकास खंड के उदिहिन निवासी दिलीप सिंह पटेल भाजपा नेता हैं। वह सिराथू ब्लॉक से वर्ष 2016 में प्रमुख रह चुके हैं। इस बार भाजपा ने सिराथू ब्लॉक प्रमुख पद के लिए सीतू मौर्या पत्नी लवकुश मौर्या को प्रत्याशी घोषित किया है, जिस पर दिलीप पटेल ने पार्टी से बगावत कर पत्नी सुधा सिंह का निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतार दिया। बृहस्पतिवार को सुधा सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। सुधा के साथ तमाम बीडीसी सदस्य थे। नामांकन के बाद 20 बीडीसी सदस्य दिलीप सिंह के घटमापुर स्थित ईंट भट्ठे के पास वाले आवास पर विश्राम के लिए ठहर गए। दिलीप सिंह का कहना है कि रात करीब 12 बजे सीओ सिराथू योगेंद्र कृष्ण नारायण सिंह की अगुवाई में सैनी व पइंसा कोतवाली की फोर्स उनके आवास पर पहुंची।
इनका कहना है
घटमापुर के एक मकान में बीडीसी सदस्यों को अगवा करके रखने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने वहां छापा मारा। सदस्यों को उनके घरवालों की सुपुर्दगी में दिया गया है। किसी सदस्य के गायब होने की जानकारी नहीं है। -राधेश्याम, एसपी