यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : डिप्टी सीएम केशव बोले- विधानसभा चुनाव में 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा
मंझनपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि मोदी-योगी सरकार गरीबों के लिए समर्पित है। सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए काम किया है।
विस्तार
दोआबा पर लगातार तीसरे दिन सौगातों की बारिश जारी रही। बृहस्पतिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन कडकरी ने 2659 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। दूसरे दिन डिप्टी सीएम ने कन्वेंशन सेंटर समेत कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। शनिवार को भी डिप्टी सीएम ने मंझनपुर जिला मुख्यालय को बस स्टेशन और डिपो का तोहफा दिया। केशव मौर्य ने 12.36 करोड़ की लागत से बने डिपो और बस स्टेशन का लोकार्पण किया। साथ ही एक बस को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया।
मंझनपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि मोदी-योगी सरकार गरीबों के लिए समर्पित है। सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए काम किया है। अभूतपूर्व विकास कार्यों की बदौलत विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतकर भाजपा एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी। इससे सहमे विपक्षी दल भाजपा सरकार पर हिंदू-मुसलमान का स्टीकर चस्पा करने की बेवजह कोशिश कर रहे हैं। मोदी-योगी की डबल इंजन वाली सरकारों ने देश-प्रदेश में जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास कार्य किया है।
पूर्व सीएम अखिलश यादव के बयान पर ली चुटकी
प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि, उज्जवला गैस योजना, विद्युतीकरण आदि सभी योजनाएं हर वर्ग के लिए चलाई जा रही है। उन्होंने जनता से 2014, 2017 व 2019 की तरह 2022 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जिले की सभी सीटों पर कमल खिलाने की अपील की। डिप्टी सीएम ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के उस बयान पर चुटकी ली जिसमें उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण सपने में आए और कहा कि 2022 में सपा सरकार बनाएगी।
कहा कि सपना आया होगा, लेकिन उसमें भगवान श्रीकृष्ण ने कहा होगा कि 2022 में इंतजार के बाद 2027 में प्रयास करो। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विधायक सदर लाल बहादुर, चायल विधायक संजय गुप्ता, सिराथू विधायक शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल, संजय जायसवाल, आशीष उर्फ बच्चा केसरवानी, चंद्रदत्त शुक्ल, डीएम सुजीत कुमार, एसपी राधेश्याम विश्वकर्मा, सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।