कौशांबी : शादी के फेरों पर भारी पड़ी मुहब्बत, दूल्हे के घर से प्रेमी के यहां गई दुल्हन
एक युवक अपनी प्रेमिका की ससुराल पहुंच गया। वहां युवक ने ससुरालियों से विनती करते हुए युवती से प्रेम का इजहार किया। युवती के पति ने जब पत्नी से पूछा तो उसने भी प्रेम कहानी पर अपनी हामी भर दी। इस पर दूल्हे ने पहल करते हुए अपनी पत्नी को रजामंदी से प्रेमी के साथ भेज दिया।
विस्तार
मान-मर्यादा बचाने के लिए युवती के पिता ने उसकी शादी संदीपन घाट इलाके के एक गांव में रहने वाले युवक से तय कर दी। नीयत समय पर छह फरवरी को युवती के घर बरात आई। जयमाल के समय जब दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर पहुंचे तो युवती ने दूल्हे के गले में वरमाला डालने से इन्कार दिया। इस पर बात बिगड़ गई। दुल्हन की हरकत देख दूल्हा भी शादी करने से मुकर गया। हालांकि, मान मनौव्वल और दबाव के बाद किसी प्रकार शादी की रस्म अदा की गई।
दूसरी तरफ प्रेमिका की शादी और फिर विदाई से बेचैन प्रेमी युवक दूसरे दिन (आठ फरवरी) को प्रेमिका की ससुराल पहुंच गया। यहां पर उसने प्रेमिका के पति और ससुराल के लोगों से मुलाकात कर अपने प्रेम संबंधों की जानकारी दी। प्रेमिका की ससुराल में दिन भर चली पंचायत के बाद पति और घरवालों ने प्रेमी के साथ बहू को जाने की अनुमति दे दी। पति भी ने उपहार में मिले सामान को कन्या पक्ष को वापस कर दिया। युवती फिलहाल प्रेमी के घर पर ही है।
घर से गायब हुआ प्रेमी
ससुराल से लौटी प्रेमिका को भले ही प्रेमी के परिजन अपना लिए हों, लेकिन उसका प्रेमी घर से गायब है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में समझौता होने के बाद युवती को प्रेमी के घर भेजा गया है। इसके लिए प्रेमी के मां बाप और परिवार के लोग राजी है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दोनों पक्षों में वाद-विवाद न हो इसलिए प्रेमी को गांव से कुछ दिन के लिए हटाया गया है।
पुलिस को जानकारी नहीं
चरवा इलाके के एक गांव में हुई इस घटना के बाबत पुलिस ने जानकारी से इंकार किया है। इंस्पेक्टर चरवा आलोक कुमार ने बताया कि किसी पक्ष ने कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
डंपर की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, चालक सहित दो जख्मी
सदर कोतवाली के गौसपुर टिकरी के समीप शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने टेवां की तरफ जा रहे ई-रिक्शा में टक्कर मार दिया। हादसे में रिक्शा चालक सुमन (23) व मुसाफिर गौसपुर टिकरी की गुड़िया देवी पुत्री सूरजभान जख्मी हो गई। घटना के बाद मौके से भाग रहे डंपर चालक का एक कार सवार ने पीछा कर रोकना चाहा। इस पर डंपर चालक ने साइड मार दिया। घटना में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना की जानकारी पर पहुंचे टेवां चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने रिक्शा सवार घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है।