पिपरी कोतवाली क्षेत्र के कटहुला गांव में बुधवार रात सड़क पर ईंट फेंकने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में महिलाओं सहित आठ लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है। कटहुला निवासी रमेश कुमार पुत्र अमृतलाल ने बताया कि बुधवार रात वह ड्योढ़ी पर चारपाई डालकर सो रहा था। तभी पड़ोसी युवक नशे में धुत होकर आया और चारपाई के पास सड़क पर ईंट फेंकने लगा। इसका विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उसने दो भाइयों संग मिलकर पिटाई शुरू कर दी।
शोर-शराबा सुन रमेश पक्ष के लोग भी आ गए। फिर दोनों पक्षों के ेबीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष से रमेश, उसके भाई महेश, पत्नी छाया, भयाहू उषा व पुत्री शिवानी को चोटें आई हैं। वहीं, दूसरी तरफ से नन्हा, धर्मेंद्र और सुरेंद्र घायल हैं। झगड़े के दौरान चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद सुबह दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं तरमीम करने की बात कह रही है।