Encounter In Kaushambi: ट्रेलर चालक का हत्यारोपी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो फरार
कौशाम्बी में चालक की हत्या कर कॉपर वायर से भरा ट्रेलर लूटने के आरोपी संतोष उर्फ राजू को पुलिस ने शनिवार की देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। उसके ऊपर जिले के विभिन्न थानों सहित मुंबई में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश की ओर से चलाई गई गोली इंस्पेक्टर और दरोगा के बुलेटप्रूफ में लगी है।
विस्तार
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक ने अपना नाम जौनपुर जनपद के खेता सराय अंतर्गत पोरई कलां निवासी संतोष उर्फ राजू के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने पड़ोसी दोस्त कार्तिक व आजमगढ़ जनपद के बरदहा अंतर्गत राजागंज कुंभ निवासी रंजीत के साथ घटना को अंजाम देने की बात कबूल किया।
संतोष ने बताया कि साथियों संग उसने गोली मारकर चालक की हत्या की। फिर कॉपर लदी ट्रेलर को टोल प्लाजा के समीप प्रतापगढ़ जनपद की सीमा पर खड़ी कर दिया। इसके बाद कबाड़ी को कॉपर बेचने के लिए संपर्क कर रहे थे। हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल बरामद करने के लिए पुलिस झाड़ियों के समीप संतोष को घटनास्थल पर ले गई।
जहां पर संतोष ने लोडेड पिस्टल से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के सीने व बांह में कुल छह गोली लगी। अस्पताल लेकर पुलिस टीम पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए बदमाश संतोष उर्फ राजू के साथी लुटेरे रंजीत व कार्तिक अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए एसओजी सहित चार टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।