Crime News : लापता एयरपोर्ट के संविदा कर्मचारी का प्रयागराज की मोर्चरी में मिला शव, हत्या की आशंका
ड्यूटी करने निकला युवक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। परिजन काफी खोजबीन करते रहे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों को उसकी जानकारी तब मिली जब उसका शव पोस्टमार्टम के लिए चीरघर में पहुंचा। इससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
विस्तार
पूरामुफ्ती कोतवाली के अहमदपुर पावन गांव के युवक का शव प्रयागराज के एसआरएन स्थित मोर्चरी में लावारिस हालत में पड़ा मिला। युवक प्रयागराज के सिविल एयरपोर्ट में संविदा पर नौकरी करता था। तीन दिन पहले वह ननिहाल से ड्यूटी पर जाने की बाद कहकर निकला था। खोजबीन में लगे मृतक के भाई ने पोस्टमार्टम हाउस जाकर शव की पहचान की। परिवार के लोग हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। पुलिस ने सड़क दुर्घटना मानकर शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
अहमदपुर पावन गांव निवासी रामानंद पाल के चार बेटों में सबसे बड़ा राजू पाल उर्फ छत्रधारी (25) रहीमाबाद के सिविल एयरपोर्ट में संविदा पर नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक 29 जनवरी को राजू एयरपोर्ट कोतवाली के इंगुआ उर्फ काठगांव निवासी अपने बहनोई राजेंद्र पाल के घर गया था। 30 जनवरी की शाम करीब सात बजे वह काठगांव से ननिहाल कादिलपुर निवासी पूर्व प्रधान रामरूप पाल के घर गया।
31 जनवरी की रात वह ड्यूटी करने एयरपोर्ट के लिए निकला था। इस बीच वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया। खोजबीन में लगे राजू के पिता रामानंद पाल ने सल्लाहपुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की तहरीर दी। इस दौरान राजूपाल का छोटा भाई शिवकरण पाल शुक्रवार को भाई की खोजबीन करने प्रयागराज स्थित एसआरएन के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा, जहां उसे राजू पाल का शव मिला।
घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। शिवकरण का आरोप है कि उसके भाई की हत्या करने के बाद शव सड़क के किनारे फेंका गया है। वहीं, एयरपोर्ट थाने के इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह का कहना है कि युवक 31 जनवरी की रात आईटीबीपी कैंप के समीप बाइक समेत लहूलुहान हालत में पड़ा मिला था। उसे इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।