गुरुवार को भी संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी रहा। इस दिन एक पुलिस कर्मचारी समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले 25 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिए गुरुवार को भी जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी एवं कंटेनमेंट जोन में शिविर लगाकर संदिग्धों की जांच कराई गई। 1320 लोगों की हुई जांच में 367 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए केजीएमसी लखनऊ भेज दिया गया। जबकि 950 की एंटीजेन किट व तीन की ट्रूनॉट के जरिए जांच कराई गई।
विभिन्न माध्यमों से आई जांच रिपोर्ट में पुलिस लाइन में तैनात एक कर्मचारी समेत 25 लोग पॉजिटिव निकले हैं। संक्रमितों में सरसवां और मूरतगंज क्षेत्र के छह-छह, नेवादा के पांच, सिराथू के चार, मंझनपुर के तीन तथा चायल का एक व्यक्ति शामिल है। सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक मिले 1181 मरीजों में 941 लोग ठीक हो चुके हैं। 15 मरीजों की कोविड अस्पतालों में मौत हो चुकी है। फिलहाल 240 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जिले की रिकवरी रेट अभी भी 78.40 फीसदी के आसपास टिका हुआ है। जबकि संक्रमण की रफ्तार 1.74 प्रतिशत पहुंच गई है।