गंजडुंडवारा। विकास खंड क्षेत्र के गांव लखापुर में लगा राजकीय नलकूप पिछले तीन महीने से खराब पड़ा है। इससे लखापुर समेत आसपास के छह गांवों के किसानों के सामने खरीफ की फसलों की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर गुहार लगाने के बावजूद नलकूप आज तक ठीक नहीं कराया गया। नलकूप बंद होने से किसान चिंतित हैं। राजकीय नलकूप से लखापुर, पंछी नगला, रपरा, चेती नगला, सिकंदरपुर, वैश्य और कुढरी सहित कई गांवों के किसान सिंचाई करते हैं। नलकूप खराब होने से इन गांवों की सैकड़ों बीघा खेती प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में सिंचाई का कोई अन्य पर्याप्त साधन नहीं है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नलकूप को ठीक कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई। समस्या का समाधान नहीं होने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन इसके बावजूद नलकूप अब तक चालू नहीं हो सका। ग्रामीण बृजेश कुमार, पन्नालाल, रणवीर, तेज सिंह, राम अवतार, जयपाल, श्रीपाल, राजवीर, जगदीश, नेत्रपाल, काशीराम, मोहर सिंह, देवेंद्र सहित अन्य किसानों ने नलकूप को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है, ताकि फसलों की समय पर सिंचाई सुनिश्चित हो सके। किसानों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि खरीफ सीजन को देखते हुए नलकूप को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि समय पर सिंचाई हो सके और फसल को नुकसान से बचाया जा सके।