Agniveer Recruitment: फर्रुखाबाद में अग्निवीर भर्ती में युवकों ने दिखाई दम, आज शामिल होंगे 11139 अभ्यर्थी
फर्रुखाबाद में आज से अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें 12 जनपद के युवा प्रतिभाग करेंगे। सात सितंबर तक चलने वाली भर्ती में कई जिलों के 1.13 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। हर दिन अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंट सेंटर में अग्निवीर की भर्ती के लिए शुक्रवार भोर से ही युवकों को कागजात चेक करने के बाद छावनी क्षेत्र में दौड़ लगाने के बाद भेजा जाने लगा। वहां दौड़ में सफल होने वाले युवकों को रोक लिया गया। असफल हुए युवकों को करियप्पा मैदान के बग्गा द्वार से बाहर निकाला गया।
इस दौरान फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग युवकों की भीड़ लगी रही है। इसके बाद भी ट्रैफिक डायवर्ट नहीं किया गया। इस बीच करीब सुबह सात बजे पहुंचे डीएम संजय कुमार सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा ने टीएसआई को फटकार लगाई। तब मुख्य मार्ग के ट्रैफिक को जेएनवी रोड की ओर डायवर्ट किया गया। पहले दिन फर्रुखाबाद जनपद के युवकों को बुलाया गया था।
अग्निवीर बनने के लिए शामिल होंगे 1.13 लाख अभ्यर्थी
फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजीमेंट सेंटर में शुक्रवार से अग्निवीर की भर्ती शुरू हो चुकी है। सात सितंबर तक चलने वाली भर्ती में कई जिलों के 1.13 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। हर दिन अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। पहले दिन यानि आज जिले के 11139 अभ्यर्थी अपना दमखम दिखाएंगे।
भर्ती की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। युवाओं के आवागमन के लिए पर्याप्त बसों का भी इंतजाम किया गया है। अग्निवीर भर्ती में शामिल होने आने वाले अभ्यर्थियों को बरगदिया घाट में एकत्र किया जाएगा। वहां उनके भर्ती से संबंधित प्रपत्रों की जांच के बाद उन्हें 50 व 100 की संख्या में छावनी क्षेत्र के लिए रवाना किया जाएगा।
इस बीच ब्लू बेल स्कूल के पास लगाई गई बैरीकेडिंग पर लंबाई व सीना की नाप होने के बाद सेना के मैदान में दौड़ के लिए भेजा जाएगा। दौड़ में सफल होने वाले युवक शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लेगें। सुरक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, रोडवेज वर्कशाप, फतेहगढ़ चौराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवानों तैनाती की गई है।
तारीख जनपद अनुमानित अभ्यर्थी
19 अगस्त फर्रुखाबाद 11139
21 अगस्त बरेली 15657
23 अगस्त हरदोई 14044
25 अगस्त शाहजहांपुर 10242
27/28 अगस्त संभल व बलरामपुर 10772
29 अगस्त पीलीभीत 7761
30 अगस्त लखीमपुर खीरी 12437
2 सितंबर बदायूं 12117
3 सितंबर बहराइच 6259
4 सितंबर सीतापुर व श्रावस्ती 12613
6/ 7 सितंबर को रिजर्व दिन में भर्ती में छूटे नौजवान शामिल हो सकते हैं।
अग्निवीर भर्ती को संपन्न कराने के लिए जनपद इटावा, कन्नौज, कानपुर देहात, औरैया से फोर्स बुधवार रात को ही पुलिस लाइन पहुंच गया। 6 कंपनी, 1 प्लाटून पीएसी भी जोन से भेजी गई है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने गुरुवार को ड्यूटी पर आए पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश दिए। तीन सीओ, 10 इंस्पेक्टर, 70 दरोगा, 600 सिपाही, आठ टीएसआई, 20 ट्रैफिक जवान सहित पीएसी को 40 से अधिक स्थानों पर लगाया गया है।
अग्निवीरों की भर्ती के दौरान पुलिस लाइन में गठित की गई चार क्यूआरटी व पीआरवी के वाहन गश्त पर रहेंगे। इसके साथ ही भर्ती स्थल से लेकर बाहर अग्नि शमन के वाहन मौजूद रहेंगे। सेना की खुफिया टीम दलालों पर भी नजर रखेगी। भर्ती के दौरान नौजवानों के विरोध करने पर पुलिस को बल प्रयोग नहीं करने के आदेश भी दिए गए हैं।