Kannauj Murder: युवक की कनपटी में गोली मारकर हत्या, नौ बदमाशों ने घेरकर किया हमला, होली की छुट्टी पर आया था घर
सदर कोतवाली के अड़ंगापुर गांव के पास होली की छुट्टी पर घर आए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने जमीनी विवाद में पड़ोसी गांव मकटौरान के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
विस्तार
कन्नौज जिले में होली की छुट्टी पर जयपुर से घर आए युवक की होली की पूर्व संध्या पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उसके गांव के पास ही मंगलवार की देर शाम को अंजाम दी गई। इससे परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। वारदात के पीछे जमीनी विवाद को वजह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
सदर कोतवली के अड़ंगापुर निवासी सुरेश यादव का पुत्र अनूप यादव (35) राजस्थान के दौसा जिले में स्थित सरसों तेल की फैक्ट्री में काम करता था। उसके साथ उसके चाचा ब्रजकिशोर भी वहीं काम करते हैं। वह दोनों दो दिन पहले ही होली की छुट्टी पर घर आए थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को चाचा बृजकिशोर और भतीजा अनूप दोनों एक ही बाइक पर बैठकर सौरिख क्षेत्र में स्थित सरसों का एक प्लांट देखने गए थे। देर शाम वापसी के दौरान अपने गांव से कुछ ही दूर पहले सैय्य बाबा की मजार के करीब तीन बाइक पर सवार नौ लोगों ने उसे रोक लिया।
युवक की कनपटी पर मारी गोली
उसमें एक युवक ने उसकी कनपटी पर तमंचे से गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ बैठे चाचा और पीछे बाइक से आ रहा उसका भाई अजीत जब तक कुछ समझ पाते, हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। खून से लथपथ अनूप को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पड़ोसी गांव में था जमीनी विवाद, पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
अनूप की मां फूलन देवी ने रोते हुए बताया कि पड़ोसी गांव मटकौरा में ग्राम समाज की पट्टे की उनकी जमीन है। उसे लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर वहां के कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है।
एक दिन पहले ही सोमवार वहां के लोग घर आकर झगड़ा कर गए थे। पिटाई भी की थी। जान लेने की धमकी भी दी थी। आरोप लगाया कि एक दिन पहले ही कुछ पुलिस वाले भी धमकी दे गए थे। वह रोरोक कर उस दरोगा को मौके पर बुलाने की मांग करती रही।
अस्पताल में लगा जमावड़ा, कई थानों की पुलिस पहुंची
सरेशाम हुई जानलेवा वारदात की जानकारी मिलते ही गांव से लेकर जिला अस्पताल तक लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंच गए। उसके बाद जिला अस्पताल में मजमा जुट गया। वारदात के बाद के हालात को देखते हुए भारी फोर्स को तैनात कर दिया गया।
एसपी बोले- आरोपियों की हो रही तलाश
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुंवर अनुपम सिंह भी दलबल के साथ गांव पहुंचे। वहां के लोगों से मिलकर जरूरी जानकारी जुटाई। बताया कि जमीनी विवाद का मामला सामने आ रहा है। राजस्व विभाग की ओर से निस्तारण हो चुका था। फिर भी दावा को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।