Kanpur Murder: रंजिश में दिनदहाड़े युवक की हत्या, ईंट और रॉड से पीट-पीटकर मारा, चार दिन पहले हुआ था विवाद
कर्नलगंज में पड़ोसियों ने शाम को एक युवक के घर पर धावा बोल दिया। ईंट और रॉड से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना पर कर्नलगंज थाना प्रभारी, एसीपी और फोरेंसिंक टीम मौके पर पहुंची।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में कर्नलगंज स्थित ईदगाह कॉलोनी रेलवे लाइन किनारे रहने वाले युवक को पड़ोसियों ने ईंट और लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। मृतक का आरोपियों से चार दिन पहले ही बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस और फोरेंसिक ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
हत्या के बाद मोहल्ले में व्याप्त तनाव के चलते पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। रेलवे लाइन के पास बस्ती में रहने वाले मजदूर संजीव श्रीवास्तव उर्फ भोलू (25) के परिवार में पत्नी रेखा, एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों ने बताया कि चार दिन पहले पड़ोसी अशोक का संजीव और रामकुमार से झगड़ा हुआ था।
आसपास के लोगों ने मामला निपटा दिया था। रविवार की दोपहर अशोक की पत्नी पास में ही पानी भरने गई थी। इस बीच संजीव वहां पहुंचा और महिला को धक्का दे दिया। संजीव इसके बाद अपने घर चला गया। कुछ देर बाद अशोक मोहल्ले में रहने वाले अपने साथियों में अभिषेक, दयाराम, दुर्गा और रितेश के साथ संजीव के घर पहुंचा।
सभी संजीव को घर के अंदर से घसीटते हुए बाहर लाए और लोहे की रॉड व ईंट से उस पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एसीपी कर्नलगंज अकमल खान ने बताया कि दोनों पक्षों में मामूली विवाद आए दिन होते थे। पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दयाराम की तलाश में पुलिस टीम लगी है।