Yoga Teacher Death: पिता ने बयां किया दर्द; बोले- जाना था महाकुंभ स्नान करने, अस्थियां लेकर जाएंगे, पढ़ें मामला
Kanpur News: अन्नपूर्णा चतुर्वेदी हादसे के वक्त हेलमेट तो लगाए हुए थीं, लेकिन उसका हुक बंद नहीं था। इसकी वजह से जब वह मौके पर गिरीं, तो गिरते वक्त उनका हेलमेट सिर से छिटककर दूर गिर गया और सिर सड़क पर जा टकराया।
विस्तार
कानपुर में दो फरवरी को अन्नपूर्णा के साथ महाकुंभ में स्नान करने के लिए जाना था, लेकिन पर अब उसकी अस्थियां लेकर जाना पड़ेगा। कुत्तों के हमले से बचने के लिए स्कूटी भगाने के दौरान सड़क पर स्कूटी सहित गिरकर जान गंवाने वाली अन्नपूर्णा चतुर्वेदी के पति व मूलरूप से देवरिया के गौरी बाजार के रहने वाले सुरेश सिंह यादव ने रुंधे गले से यह बात कही।
सुरेश ने कहा कि महाकुंभ से वापस आकर 19 फरवरी को अपनी 35वीं सालगिरह धूमधाम से मनाने का प्लान था। अन्नपूर्णा हर साल अपनी सालगिरह पर खुद ही केक लेकर आती थी। इसके बाद हम खूब धूमधाम से अपनी सालगिरह मनाते थे, पर इस साल मकर संक्रांति पर अन्नपूर्णा ने मेरा साथ छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि 35 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया और तब से हर सुख-दुख में हमेशा एक दूसरे के साथ खड़े रहे।
दोपहर में योगा सीखाने जाती थी पत्नी
सुरेश ने बताया कि पहले वह लोग गुमटी नंबर पांच में किराए पर रहते थे। हाल ही में वह बर्रा जेड वन ब्लॉक निवासी चंद्रपाल सिंह सचान के मकान में शिफ्ट हुए थे। बताया कि वह साले राकेश चतुर्वेदी के सचेंडी स्थित तकिया बनाने के कारखाने में काम करते हैं। हादसे के वक्त वह कारखाने में ही थे। पत्नी अक्सर दोपहर ढाई बजे घर से योगा सिखाने अर्मापुर, फिर काकादेव जाती थी।
पूछने पर पता चला कि अन्नपूर्णा का देहांत हो गया
रात में वह अक्सर आठ बजे घर पहुंच जाती थी, लेकिन मंगलवार को जब वह करीब 8:30 बजे घर पहुंचे तो पत्नी घर नहीं थीं। रात करीब नौ बजे फैक्टरी में काम करने वाले खाड़ेपुर निवासी दीपक उनके पास पहुंचा और साले गोपाल द्वारा घर बुलाए जाने की बात कही। जब कर्मचारी उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, तो सालों के साथ उनकी बेटी दिव्या व दामाद सुपास वहां मौजूद थे। पूछने पर पता चला कि सड़क हादसे में अन्नपूर्णा का देहांत हो गया।
हेलमेट का हुक न खुला होता, तो बच जाती जान
अन्नपूर्णा चतुर्वेदी हादसे के वक्त हेलमेट तो लगाए हुए थीं, लेकिन उसका हुक बंद नहीं था। इसकी वजह से जब वह मौके पर गिरीं तो गिरते वक्त उनका हेलमेट सिर से छिटककर दूर गिर गया और सिर सड़क पर जा टकराया। पुलिस का कहना है कि सिर पर लगी गंभीर चोट की वजह से उनका काफी खून बह गया था। हालांकि आधिकारिक रूप से मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
सीसीटीवी के जरिए खुलेगा घटना का राज
चौकी इंचार्ज दीपक तिवारी के अनुसार जहां हादसा हुआ वहां कई दुकाने हैं। एक दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनमें हादसा कैद हुआ है। दुकान मालिक से संपर्क किया गया है। घर में कार्यक्रम के चलते उसकी दुकान बंद थी। सीसीटीवी फुटेज मांगे गए हैं। फुटेज आने के बाद घटना की असल हकीकत सामने आएगी।
योगा टीचर ने किया था प्रेम विवाह
पुलिस के अनुसार योगा टीचर ने सुरेश सिंह यादव से प्रेम विवाह किया था, जिनसे एक बिटिया भी है। हादसे में मां की मौत की खबर सुनकर बेटी का रो रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक
कोचिंग मंडी में तैयारी करने वाले छात्र छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल के कारण यहां पर हर समय सड़कों पर चहलकदमी बनी रहती है। पढ़ाई के बाद वह लोग अक्सर खाने-पीने के लिए भी बाहर निकलते हैं। इस दौरान नवीननगर, ओम चौराहा, काकादेव, नीरक्षीर आदि स्थानों पर आवारा कुत्तों का आतंक झेलना पड़ता है। पहले भी आवारा कुत्ते कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं देते।
ये है पूरा मामला
काकादेव थानाक्षेत्र के नवीननगर में मंगलवार रात स्कूटी सवार योगा टीचर को आवारा कुत्तों ने दौड़ा लिया। बचने के चक्कर में स्कूटी का संतुलन बिगड़ जाने से वह सड़क पर जा गिरी। हेलमेट का हुक न बंद होने की वजह से हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
स्थानीय लोगों की सूचना मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बर्रा एक निवासी योगा टीचर अन्नपूर्णा चतुर्वेदी (54) घर-घर जाकर योगा सिखाती थीं। मंगलवार देर शाम वह नवीननगर में योगा सिखाने गई हुई थी। वापसी में गुरुगोविंद सिंह स्टेडियम के पास वह पहुंची ही थीं कि आवारा कुत्तों ने उन्हें दौड़ा लिया।
सिर में गंभीर चोट लगने से हुईं थीं घायल
योगा टीचर घबरा गईं और उनका स्कूटी से संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी समेत स्टेडियम के किनारे बिखरे ईंटों पर जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हैलट में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डीसीपी सेंट्रल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।