World Blood Donor Day 2022: अमर उजाला फाउंडेशन का रक्तदान शिविर, लोगों में जबरदस्त उत्साह, बोले- यह पुण्य काम करने से मिलता है सुकून
विश्व रक्तदान दिवस के मौके पर मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से कानपुर-बुंदेलखंड संभाग में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। सुबह नौ बजे से शिविरों में रक्तदान करने के लिए लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
विस्तार
अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में विश्व रक्तदान दिवस के मौके पर 14 जून को कानपुर-बुंदेलखंड संभाग में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में लोग रक्तदान कर पुण्य का भागी बन रहे हैं। सामाजिक संगठन के अलावा लोग स्वैच्छिक रूप से भी रक्तदान कर रहे हैं। प्रत्येक रक्तदाता को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाणपत्र दिया जा रहा है।
रक्तदान शिविर में पहुंचने वाले लोगों का कहना है कि जरूरतमंदों के लिए रक्तदान करने में गजब की सुखद अनुभूति का एहसास होता है। अमर उजाला फाउंडेशन की ये अनूठी पहल है। लोग अधिक से अधिक जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान करें। वहीं, अधिकारियों ने बताया कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से इन रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया है। साथ ही रक्तदान करने वालों को प्रशस्ति पत्र भी दिया जा रहा है।
बांदा में अब तक 15 लोगों ने किया रक्तदान
अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में बांदा के जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। अब तक 12 महादानियों ने रक्तदान किया है। सेवर्स ऑफ लाइफ सदस्यों सहित कई संगठनों ने इसमें सहभागिता सुनिश्चित की है। यही नहीं, यहां एक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया है, जिसमें रक्तदान का महत्व बताया गया है। अभी आयोजन स्थल में पंजीकरण और टेस्टिंग जारी है।का है।
चित्रकूट में सीएमओ ने भी किया रक्तदान
चित्रकूट जिला चिकित्सालय में अब तक 12 यूनिट रक्तदान हो चुका है। अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन एसपी अतुल शर्मा और सीएमएस डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने किया। इस शिविर में सीएमओ भूपेश द्विवेदी ने भी रक्तदान किया।
कानपुर देहात में 10 यूनिट रक्तदान
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जिला अस्पताल और ब्लड बैंक में लगाए गए शिविर में रक्तदान के लिए बड़ी संख्या में लोगों खासकर युवाओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी तक 10 यूनिट रक्तदान हो चुका है।
हमीरपुर के शिविर में 15 महादानियों किया रक्तदान
विश्व रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन और जिला अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 25 लोगों ने पंजीयन कराया। 15 महादानियों ने जोश और उत्साह के साथ रक्तदान किया। फाउंडेशन की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र सौंपे गए। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने कहा कि रक्तदान एक मानव का दूसरे मानव को अनमोल तोहफा है। इससे किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर की सराहना की।
हरदोई में 20 जून को लगेगा रक्तदान शिविर
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 20 जून सोमवार को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर का आयोजन जिला प्रशासन, विभिन्न संस्थाओं एवं रक्तदानियों के सहयोग से किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ सुबह नौ बजे होगा। शिविर में रक्तदान करने के लिए इच्छुक व्यक्ति 9455440968 व 7800075750 पर मैसेज या कॉल करके अपना पंजीकरण करा सकते हैं। रक्तदाताओं को ब्लड बैंक की ओर से एक सम्मान कार्ड दिया जाएगा। इसमें रक्तदाताओं को यह सुविधा रहती कि जब भी आवश्यकता पड़े तो वे निर्धारित अवधि में ब्लड बैंक से संपर्क कर कार्ड दिखाकर किसी को रक्त दिलवा सकते हैं।