कानपुर में लूट की वारदातें: हर दूसरे दिन लुट रहीं हैं महिलाएं, 18 दिन में आठवीं लूट, अब तक केवल एक का खुलासा
Kanpur Crime: पुलिस लूट के केसों का खुलासा करने में कमजोर तो है ही। केसों को दर्ज करने में भी टालमटोल करती है। पिछले 19 दिन में तीन बार ऐसा हुआ, जब पुलिस ने घटना को दर्ज ही नहीं किया।
विस्तार
कानपुर कमिश्नरी लागू होने के बाद भी शहर सुरक्षित नहीं है। खासतौर पर महिलाओं के लिए। इस माह तकरीबन हर दूसरे दिन किसी न किसी महिला से चेन या पर्स लूट हुई है। बुधवार को बर्रा के दामोदरनगर में एक और महिला की चेन लूट ली गई। यह इस माह की आठवीं वारदात है। पुलिस अभी तक केवल एक मामले का खुलासा कर पाई है।
बर्रा थाना क्षेत्र के दामोदरनगर निवासी अंकित यादव सरकारी शिक्षक हैं। उनकी पत्नी गरिमा यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर वह घर के नजदीक स्थित सरोजनी अस्पताल स्कूली बस से लौट रहे बेटे सात्विक को लेने जा रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो बदमाश अचानक गले से सोने की चेन लूटकर भाग निकले।
गरिमा ने बताया कि जब तक वह मदद के लिए शोर मचाती, बाइकसवार फरार हो गए। इस बीच बस आ गई तो वह बेटे को लेकर घर आ गई और पति को सूचना दी। वहीं, बर्रा इंस्पेक्टर सूर्यबली पांडेय ने बताया कि लूट का केस दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
लूट के केस दर्ज करने में भी कतराती है पुलिस
पुलिस लूट के केसों का खुलासा करने में कमजोर तो है ही। केसों को दर्ज करने में भी टालमटोल करती है। पिछले 19 दिन में तीन बार ऐसा हुआ, जब पुलिस ने घटना को दर्ज ही नहीं किया। साउथ एक्स मॉल के नजदीक महिला से पर्स लूट हो गई। बाबूपुरवा और जूही पुलिस थानाक्षेत्र में उलझ गई।
कल्याणपुर और बर्रा में दर्ज ही नहीं हुए मामले
साथ ही, केस ही दर्ज नहीं किया। डीसीपी के संज्ञान में मामला आया तो चौकी इंचार्ज को निलंबित कर तीन दिन में खुलासे का अल्टीमेटम दिया, तो पुलिस ने लुटेरे में भी दबोच लिए। हालांकि कल्याणपुर और बर्रा में लूट के मामले दर्ज ही नहीं हुए। ऐसे कई और मामले भी हैं।
इस माह की वारदात...
- 19 जुलाई को बर्रा के दामोदरनगर में बाइक सवारों ने की महिला से चेन लूट।
- 16 जुलाई को नौबस्ता के वाई ब्लॉक किदवईनगर में घर के बाहर खड़े किशोर से मोबाइल लूट।
- 15 जुलाई को किदवईनगर निवासी ज्योति मिश्रा से चेन लूट।
- 15 जुलाई को कल्याणपुर के आजादनगर में कोचिंग जा रही युवती से चेन लूट (केस दर्ज नहीं) ।
- 12 जुलाई को रावतपुर के केडीएमए के पास बसंती नाम की महिला से चेन लूट।
- 9 जुलाई को साउथ एक्स मॉल के सामने रीना नाम की महिला से पर्स लूट, तीन दिन बाद केस दर्ज।
- 03 जुलाई को बर्रा में सुनीता विश्वकर्मा से सुबह बाइक सवारों ने चेन लूटी (केस दर्ज नहीं) ।
- 02 जुलाई को जूही थानाक्षेत्र के मार्बल मार्केट में मंजू गुप्ता से पर्स लूट।