Kanpur: पति की मौत से अवसाद में थी महिला, मृत बच्ची जनी…घर के बाहर फेंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
Kanpur News: किदवईनगर थाना क्षेत्र में महिला ने मृत बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद घर के बाहर ही फेंक दिया। पुलिस उसके घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
विस्तार
कानपुर के किदवईनगर क्षेत्र में एक महिला ने मृत बच्ची को जन्म दिया। उसने शव को घर के बाहर एक पन्नी और अखबार में लपेटकर फेंक दिया। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि जूही सफेद कॉलोनी में गुरुवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने नाली के किनारे नवजात बच्ची का शव पड़े होने की सूचना दी।
पुलिस ने जांच कराई तो पता चला कि एक मुस्लिम महिला ने बच्ची को जन्म दिया है। उसके पति की मौत हो चुकी है। इस कारण वह अवसाद में चल रही थी। उसने बुधवार को किसी व्यक्ति से बाहर से दवा मंगाई थी। दवा खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ी और घर में ही डिलीवरी की गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
बच्ची के मृत होने पर उसे घर के बाहर फेंक दिया गया। पुलिस ने महिला से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन वह राजी नहीं थी। किदवईनगर पुलिस महिला को दवा लाकर देने वाले का पता लगा रही है। इसके लिए घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।