Auraiya: नाले में मिला महिला का शव, पति पर हत्या का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Auraiya News: जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के गांव कान्हो में शनिवार को एक महिला का शव नाले में मिलने से इलाके में हलचल मच गई। ओवरब्रिज के किनारे पड़े शव को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।
विस्तार
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव कान्हो में शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने ओवरब्रिज के पास नाले में एक महिला का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई, तो मृतका की पहचान शकुंतला के रूप में हुई। परिजनों ने पति पर ही हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को दबिश देकर हिरासत में ले लिया है।
ग्रामीणों ने देखा नाले में उतराता शव
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के पुरवा कुशल निवासी शकुंतला (40) का शव शनिवार दोपहर बाद कान्हो गांव के ओवरब्रिज के पास नाले में ग्रामीणों ने देखा। महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में पड़ा था। शोर मचने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
परिजनों का आरोप: पति ने की हत्या
शव को नाले से बाहर निकालकर जब शिनाख्त की गई, तो परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस को बताया कि शकुंतला और उसके पति के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। आरोप है कि शनिवार को विवाद के दौरान पति ने शकुंतला की हत्या कर दी और राज छुपाने के उद्देश्य से शव को गांव से दूर नाले में फेंक दिया। हत्या की बात सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष ने टीम के साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और आरोपी पति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि हत्या कब और कैसे की गई।