Vision Kanpur 2047: शहरियों ने कहा- ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था में चाहिए सुधार, सुरक्षा और रोजगार पर दिया भी जोर
विजन कानपुर 2047 के लिए लोगों से वेबसाइट के माध्यम से सुझाव मांगे जा रहे हैं। इसके लिए समाज के प्रत्येक सेक्टर से लोगों को जोड़ा जा रहा है। अब तक सात हजार से अधिक लोगों ने जरूरी सुझाव दिए हैं।
विस्तार
कानपुर महानगर में जाम, सफाई और अतिक्रमण किस तरह लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है, इसका अंदाजा विजन कानपुर 2074 की वेबसाइट पर दिए गए लोगों के सुझावों से लगाया जा सकता है। पिछले एक महीने में सात हजार लोगों ने इस दिक्कतों को दूर करने के सुझाव भेजे हैं।
इसके अलावा उद्यमिता, शिक्षा, कला एवं संस्कृति, पर्यटन नवाचार, हैप्पीनेस, सुरक्षा, व्यवसाय ,स्टार्टअप ,रोजगार, स्वच्छता , स्मार्ट पुलिसिंग की व्यवस्था जैसे सुझाव भी दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुसार आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर कानपुर शहर लोग कैसा देखना चाहते हैं।
इसके लिए लोगों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। इसी कड़ी में visionkanpur2047.com नाम से एक वेबसाइट बनाई गई है। जिस पर लोगों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। इसके लिए समाज के प्रत्येक सेक्टर से लोगों को जोड़ा जा रहा है।
मात्र एक महीने में सात हजार सुझाव आने को लेकर इस विजन को लेकर जिला स्तर पर बनाई गई समिति काफी उत्साहित है। इस संबंध में मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने बताया अब तक शैक्षिक, उद्यमी, सामाजिक संगठन और कला संस्कृति एवं पर्यटन के विशिष्ट प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श आयोजित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अगले दस 10 दिनों में स्टार्टअप, इनोवेशन, अर्बन डेवलपमेंट कृषि, खेलकूद, स्मार्ट पुलिसिंग एवं महिला स्वावलंबन सेक्टर पर उनके प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श व ओपन हाउस डिस्कशन शुरू किए जाएंगे। बताया कि ई-पत्रिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। इसमें 1947 से 2022 तक कानपुर से जुड़े लेख दे सकते हैं।
यह भी सुझाव
- स्कूलों और महाविद्यालय में सेंचुरी क्लब की स्थापना की जाए। जिसके अंतर्गत युवा व विद्यार्थी विजन कानपुर से संबंधित गतिविधियां निरंतर आयोजित करें।
- महानगर को उद्योग नगरी का स्वरूप फिर से प्रदान करने पर बल दिया गया।
- होजरी और चमड़ा उद्योग की चमक देश और विदेश तक फैलाने पर बल दिया गया।
- कानपुर हॉट व कानपुर दर्शन के नाम से पैकेज टूर शुरू करने का सुझाव दिया।
- कानपुर महोत्सव , हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी और थिएटर शुरू किया जाए।
सुझाव देने का समय बढ़ाया
विजन कानपुर के लिए वेबसाइट पर सुझाव देने का समय एक सप्ताह बढ़ाकर सात दिसंबर तक कर दिया गया है। अभी तक अंतिम तारीख 30 नवंबर रखी गई थी।