कैसे करें उद्यम: 75000 कारीगरों को एक साल से नहीं मिली टूल किट, टेंडर प्रक्रिया ही पूरी नहीं करा पा रहा है उद्
Kanpur News: विभाग ने अपने कार्यालय के बाहर नोटिस चस्पा की है। इसमें बताया गया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूल किट्स अभी कार्यालय को प्राप्त नहीं हुई हैं। जैसे ही टूलकिट्स कार्यालय को प्राप्त होंगी वैसे ही कार्यालय द्वारा लाभार्थी को फोन पर सूचना देकर टूलकिट्स उपलब्ध करा दी जाएगी।
विस्तार
Vishwakarma Shram Samman Yojana: विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का कानपुर समेत पूरे प्रदेश में बुरा हाल है। वित्तीय वर्ष 2024-25 बीतने के बाद भी किसी भी जिले में योजना में मिलने वाली टूल किट का वितरण उद्योग विभाग नहीं कर पाया है। योजना के लाभार्थियों को टूल किट संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
प्रदेश सरकार ने कानपुर के लिए 1250 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया था। विभागीय अव्यवस्थाओं को इसकी वजह यह बताई जा रही है कि यहां पूर्णकालिक मंडलायुक्त नहीं होने से योजनाओं की सही तरीके से माॅनीटरिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में न टूल किट बंट पा रहा है न ही युवाओं को ऋण वितरण।
वित्तीय सहायता के लिए शुरू की गई योजना
पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से मजबूत करने, उनका कौशल बढ़ाने के लिए शुरू की गई विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना शिल्पकारों को वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरणों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई है।
इन कारीगरों के लिए है खास
यह योजना खासकर उन कारीगरों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जो पारंपरिक हस्तशिल्प और कौशल में लगे हुए हैं। इस योजना में बढ़ई, दर्जी, टोकरी बुनकर, नाई, स्वर्णकार, लोहार, कुम्हार, हलवाई, मोची अथवा दस्तकार को शामिल किया गया है।
चयनित संस्था की ओर से दिया जाता है प्रशिक्षण
उद्योग विभाग, आईटीआई, एलडीएम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और बैंक प्रतिनिधियों की कमेटी के जरिये होने वाले साक्षात्कार में लाभार्थियों का चयन किया जाता है। इसके बाद उन्हें 10 दिवसीय प्रशिक्षण चयनित संस्था की ओर से दिया जाता है।
संबंधित ट्रेड से जुड़ी टूल किट बांटी जाती है
प्रशिक्षण के बाद 4500 रुपये का मानदेय भी दिया जाता है। इसके साथ ही संबंधित ट्रेड से जुड़ी टूल किट बांटी जाती है। वित्त वर्ष 2024-25 के 1250 लाभार्थियों का प्रशिक्षण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है, लेकिन किट नहीं बांटी जा सकी।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का वर्ष वार लेखा-जोखा
साल लाभार्थियों की संख्या
2020-21: 625
2021-22: 1425
2022-23: 1050
2023-24: 1025
2024-25: 1250
विभाग में चस्पा की नोटिस, कृपया धैर्य रखें
विभाग ने अपने कार्यालय के बाहर नोटिस चस्पा की है। इसमें बताया गया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूल किट्स अभी कार्यालय को प्राप्त नहीं हुई हैं। जैसे ही टूलकिट्स कार्यालय को प्राप्त होंगी वैसे ही कार्यालय द्वारा लाभार्थी को फोन पर सूचना देकर टूलकिट्स उपलब्ध करा दी जाएगी। कृपया धैर्य रखें।
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है ये हाल
सरकार की ये बेहद महत्वाकांक्षी योजना है। इसके जरिए कमजोर वर्ग को मजबूत किया जाता है। ऐसा वर्ग जिसके पास कोई प्रशिक्षण नहीं होता है। वो अपने हुनर के जरिये अपनी रोजी-रोटी चलाते हें। उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इसे शुरू किया गया था।
